स्कूलों की मनमानी पर बड़ा वार! हल्द्वानी के इन 46 स्कूलों को नोटिस-महंगी किताबों के खेल का भंडाफोड़

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। निजी स्कूलों की मनमानी पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। किताबों के नाम पर अभिभावकों से हो रही वसूली और बुक सेलरों के साथ गठजोड़ के खुलासे के बाद 46 निजी स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस कार्रवाई से शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पाया गया कि कई निजी स्कूल अभिभावकों को सस्ती एनसीईआरटी किताबों की बजाय महंगी निजी प्रकाशकों की किताबें खरीदने के लिए मजबूर कर रहे थे।

इतना ही नहीं, स्कूलों द्वारा अभिभावकों को खास दुकानों से ही किताबें और कॉपियां खरीदने के लिए बाध्य किया जा रहा था। जांच टीम को ऐसी पर्चियां भी मिलीं, जिनमें स्पष्ट रूप से तय दुकानों का उल्लेख था।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी में बेमौसमी बारिश ने खोली नगर निगम की लापरवाही, कालाढूंगी चौराहे पर सड़कों ने लिया तालाब का रूप

मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि सिटी मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में गठित समिति की रिपोर्ट में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। इनमें निर्धारित दुकानों से ही खरीदारी का दबाव, एनसीईआरटी के बजाय महंगी किताबें थोपना, सीबीएसई के नियमों का उल्लंघन, स्कूल वेबसाइट पर फीस और जरूरी जानकारी सार्वजनिक न करना जैसी गंभीर लापरवाहियां शामिल हैं।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह कृत्य शासन और सीबीएसई के निर्देशों का सीधा उल्लंघन है और इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी 46 स्कूलों को 11 अप्रैल 2026 शाम 5 बजे तक अपना जवाब देने का निर्देश दिया गया है। चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब न मिलने या तय समय में स्पष्टीकरण न देने पर स्कूलों की मान्यता/संबद्धता पर कार्रवाई, कानूनी कदम और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इन स्कूलों को जारी हुआ नोटिसः
ग्रीन सिटी पब्लिक स्कूल, आदर्श पब्लिक स्कूल, आरूष पब्लिक स्कूल (कुंवरपुर), न्यू बाल संसार पब्लिक स्कूल, चिल्ड्रन वैली पब्लिक स्कूल (बरेली रोड), डी लैम्प पब्लिक स्कूल (दमुवादूंगा), दर्पण चिल्ड्रन गार्डन पब्लिक स्कूल, ईमैनुअल पब्लिक स्कूल, जी-किड्स पब्लिक स्कूल, हिमालया विद्या मंदिर, इन्सपिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, देवभूमि पब्लिक स्कूल (देवलचौड़), जय दुर्गे पब्लिक स्कूल, किड्स केयर पब्लिक स्कूल, किंग्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, काठगोदाम पब्लिक स्कूल, लिटिल जीनियस पब्लिक स्कूल, लिटिल स्पार्कल एकेडमी, मानस पब्लिक स्कूल, नेशनल पब्लिक स्कूल, न्यू सनसाइन पब्लिक स्कूल, न्यू रेनबो पब्लिक स्कूल, सेंट लुक्स पब्लिक स्कूल, श्री कृपा पब्लिक स्कूल, सेंट जॉर्ज पब्लिक स्कूल, सनराइज पब्लिक स्कूल, समिट पब्लिक स्कूल, विवेकानंद पब्लिक स्कूल, सन बीम पब्लिक स्कूल, एसकेएम पब्लिक स्कूल (देवलचौड़), फन विद ड्राइंग पब्लिक स्कूल, टेंडर फीट पब्लिक स्कूल, वुडलैंड पब्लिक स्कूल, वीवीएम पब्लिक स्कूल, होली एंजेल पब्लिक स्कूल, पीडी मेमोरियल पब्लिक स्कूल, न्यू फेंग लैंड पब्लिक स्कूल, राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल, स्प्रिंग फील्ड पब्लिक स्कूल, दून पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल और आर्यमान विक्रम बिड़ला पब्लिक स्कूल समेत 46 स्कूलों को नोटिस भेजा गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की दिशा में बड़ा संदेश माना जा रहा है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440