समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में विकास कार्यों की निगरानी को लेकर धामी सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। राज्य सरकार ने अपने 11 मंत्रियों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंप दी है। राजभवन से मंजूरी मिलने के बाद अब ये मंत्री संबंधित जिलों में जिला नियोजन एवं अनुश्रवण समिति के माध्यम से विकास कार्यों की समीक्षा और पर्यवेक्षण करेंगे।
इस फैसले को आगामी बड़े आयोजनों और चुनावी तैयारियों के मद्देनजर अहम माना जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज को हरिद्वार जिले का प्रभारी बनाया गया है। 2027 में प्रस्तावित अर्धकुंभ को देखते हुए उनकी जिम्मेदारी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इस दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले इन जिलों में व्यवस्थाओं की निगरानी बेहद अहम होगी, खासकर केदारनाथ धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए।
डॉ. धन सिंह रावत को अल्मोड़ा जिले का प्रभारी बनाया गया है। हालिया कैबिनेट फेरबदल के बाद अब वे शिक्षा और सहकारिता से जुड़े विभाग संभाल रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल को राजधानी देहरादून का प्रभारी बनाया गया है। वे यहां विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की सीधी समीक्षा करेंगे।
रेखा आर्या को नैनीताल से हटाकर पिथौरागढ़ जिले की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं खजान दास को नैनीताल जिले का नया प्रभारी बनाया गया है।
सौरभ बहुगुणा को उत्तरकाशी जिले का प्रभारी बनाया गया है। इससे पहले वे रुद्रप्रयाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
नए कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी को चमोली और चंपावत, दोनों जिलों का प्रभारी बनाया गया है। मंत्री बनने के साथ ही उन्हें अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक को पौड़ी गढ़वाल जिले का प्रभारी बनाया गया है, जो राज्य के महत्वपूर्ण जिलों में शामिल है।




सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



