चार करोड़ रुपये के दूध कारोबार पर मिला बोनस, दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने उत्पादकों की मेहनत को सराहा

समाचार सच, लालकुआं।
दीपावली के त्योहार से पहले नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने बिंदुखत्ता क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक सौगात दी है। क्षेत्र की छह दुग्ध समितियों से जुड़े उत्पादकों को कुल 32 लाख रुपये का बोनस वितरित किया गया। बोनस मिलने से दुग्ध उत्पादकों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादकों, महिलाओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा का कार्यक्रम में पहुंचने पर उत्पादकों ने स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ का उद्देश्य उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित लाभ दिलाने के साथ ही उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। सहकारी व्यवस्था को सशक्त बनाकर दुग्ध व्यवसाय को आगे बढ़ाना संघ की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुकेश बोरा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध व्यवसाय आजीविका का महत्वपूर्ण साधन है। इसमें पशुपालकों के साथ ही महिलाओं की भूमिका भी बेहद अहम है। उनके निरंतर परिश्रम से ही दुग्ध उत्पादन की गतिविधियां आगे बढ़ रही हैं। ऐसे में उत्पादकों के हितों की रक्षा करना और उन्हें प्रोत्साहित करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले बोनस वितरण का उद्देश्य उत्पादकों की मेहनत का सम्मान करना और त्योहार की खुशियों में उनके साथ सहभागी बनना है। दुग्ध संघ उत्पादकों की समस्याओं के समाधान तथा सहकारी समितियों को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने दुग्ध उत्पादकों से भी सहकारिता के माध्यम से दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की।
इन छह समितियों के उत्पादकों को मिला लाभ
बिंदुखत्ता क्षेत्र की शांतिनगर प्रथम, शांतिनगर द्वितीय, बोरिंगपट्टा, टूटी पुलिया, हनुमान नगर और नारायण नगर दुग्ध समितियों से जुड़े उत्पादकों को बोनस वितरित किया गया। करीब चार करोड़ रुपये के दूध की खरीद के संदर्भ में किए गए इस बोनस वितरण से लाभान्वित उत्पादकों ने प्रसन्नता जताई और दुग्ध संघ के प्रयासों की सराहना की।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन यातायात प्रभारी पूरन मिश्रा और मार्ग प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने किया। इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य गोविंद मेहता, प्रगतिशील दुग्ध उत्पादक उमेश भट्ट, निर्मला भट्ट, नवीन पपोला, ममता रावत, राम सिंह पपोला, गोपाल दत्त पाठक, जगदीश पंत, सोनू पांडे, पूरन बोरा, इंद्रा बम, नारायण शर्मा, मनीष बोरा, केदार दानू, मंजू बिष्ट, खष्टी बिष्ट, कमलेश पांडे, सुरेश जोशी और भुवन जोशी मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


