
समाचार सच रुद्रपुर। नैनीताल-उधमसिंह नगर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट ने बुधवार को नामांकन कराया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा विधायक राम सिंह खेड़ा, सरिता आर्या के साथ पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। वहीं अजय भट्ट के नामांकन के अवसर पर प्रदेश स्तर के नेताओं का गांधी पार्क में जमावड़ा रहा। गांधी पार्क में भाजपा ने चुनावी सभा का आयोजन किया। इसमें भाजपा नेताओं से अजय भट्ट के रिकॉर्ड मतों से जीत का दावा किया। वहीं अजय भट्ट के नामांकन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गांधी पार्क में आयोजित सभा को संबोधित किया। इस दौरान राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व सीएम विजय बहुगुणा, रमेश पोखरियाल निशंक, अजय कुमार प्रदेश महामंत्री संगठन, शिव अरोरा आदि मौजूद रहे।
अजय भट्ट आज हल्द्वानी स्थित अपने घर से पूजा पाठ कर इष्ट देव को याद कर नामांकन कराने रवाना हुए। रुद्रपुर में नामांकन स्थल के गेट के बाहर नैनीताल जनपद के विधायक और समर्थक मौजूद थे. अजय भट्ट के नामांकन के समय खुद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे।
इधर गांधी पार्क में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि इस बार पांचों लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशी भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों में लोकसभा चुनाव को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सभी लोग 19 अप्रैल का इंतजार कर रहे हैं। अभी हमने होली मनाई है। 4 जून को दीवाली बनाई जाएगी। सीएम धामी ने दावा करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशी प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करेंगे। नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।
सीएम धामी ने कांग्रेस के टिकट पर बोलते हुए कहा कि पहले पार्टी में टिकट लेने के लिए सोर्स लगाना पड़ता था। लेकिन इस बार टिकट न मिलने के लिए सोर्स लगाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि देश को पता है कि इस बार सरकार किसकी बनने जा रही है। इस बार चर्चा ये हो रही की 410 सीट से सरकार बनेगी या 420 सीटों से बनेगी।
उधर नामांकन करने के बाद बीजेपी प्रत्याशी अजय भट्ट ने कहा कि वो चुनाव जीतने जा रहे हैं। अजय भट्ट ने कहा कि केंद्रीय रक्षा और पर्यटन राज्य मंत्री रहते उन्होंने उत्तराखंड को काफी योजनाएं लाकर दीं। अपने कार्यकाल के दौरान वो राज्य के साथ ही अपने संसदीय क्षेत्र की जनता से मिलते रहे। ऐसे में उन्हें उम्मीद है कि नैनीताल-उधमसिंह नगर लोकसभा सीट की जनता उन्हें पिछली बार से भी ज्यादा मतों से विजयी बनाकर बीजेपी के 400 प्लस सीटों के लक्ष्य को पूरी करेगी।


सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



