सीएम धामी और वरिष्ठ नेताओं के साथ की पूजा-अर्चना, बोले—उत्तराखंड के कण-कण में बसते हैं भगवान
समाचार सच, हल्द्वानी।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन की शुरुआत गुरुवार सुबह धार्मिक आस्था के साथ हुई। हल्द्वानी पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मां अष्टभुजा मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पौड़ी गढ़वाल के सांसद अनिल बलूनी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के दौरान भाजपा नेताओं की मौजूदगी ने इस धार्मिक कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
“उत्तराखंड के कण-कण में भगवान का वास”
मां अष्टभुजा के दर्शन के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल प्राकृतिक सुंदरता की भूमि ही नहीं, बल्कि देश की महान संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं की जीवंत पहचान है।
उन्होंने कहा कि यदि भारतीय संस्कृति और उसकी गहरी आध्यात्मिक जड़ों की झलक देखनी हो तो देवभूमि उत्तराखंड इसका अद्भुत उदाहरण है। यहां की समृद्ध संस्कृति, परंपराएं और धार्मिक आस्था देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान रखती हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि उनकी प्रार्थना है कि उत्तराखंड की यह पवित्र भूमि इसी तरह ऊर्जावान बनी रहे और अपनी सांस्कृतिक विरासत को पूरे देश में और अधिक मजबूती के साथ स्थापित करती रहे।
वीरों और शहीदों की भूमि को किया नमन
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उत्तराखंड को वीरों और शहीदों की भूमि बताते हुए देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी देवभूमि की संस्कृति के साथ-साथ यहां के वीर जवानों और उनके अदम्य साहस से भी जुड़ी हुई है।
सेवाभाव के काम का मिलेगा जनता का आशीर्वाद
नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा ने राज्य की जनता के लिए सेवाभाव के साथ काम किया है और पार्टी को विश्वास है कि जनता का आशीर्वाद आगे भी मिलता रहेगा। उनके इस बयान को उत्तराखंड में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हल्द्वानी में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारी में जुटने का संदेश दिया था। दौरे के दूसरे दिन मां अष्टभुजा मंदिर में दर्शन के साथ उन्होंने देवभूमि की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


