2027 का भी दिया चुनावी मंत्र— “हर बूथ जीतना है, फिर उत्तराखंड में भाजपा सरकार बनानी है”

समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हल्द्वानी दौरे ने प्रदेश की राजनीति को नई गर्माहट दे दी। भाजपा की विस्तारित राज्य कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। शुद्धिकरण प्रकरण, वंदे मातरम्, तुष्टिकरण, दलित सम्मान और उत्तराखंड के विकास जैसे मुद्दों को लेकर उन्होंने कांग्रेस की राजनीति पर तीखे सवाल उठाए।
बैठक के दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से कमर कसने का संदेश दिया। उन्होंने साफ कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका बूथ स्तर का कार्यकर्ता है और आने वाले चुनाव में हर बूथ को मजबूत बनाकर जीत सुनिश्चित करनी होगी।
‘वंदे मातरम्’ पर कांग्रेस को घेरा
नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस के मन में हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति हावी रहती है और यही वजह है कि उसे पूरे ‘वंदे मातरम्’ के गायन पर आपत्ति होती है।
उन्होंने कहा कि जिस वंदे मातरम् की गूंज ने देश के हजारों-लाखों स्वतंत्रता सेनानियों और बलिदानियों को मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा दी, उसी गीत को लेकर कांग्रेस की सोच सवालों के घेरे में है।
उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम, संघर्ष, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। इसकी गूंज आजादी की याद के साथ-साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प की आवाज भी है।
दलित सम्मान के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर प्रहार
भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास दलित समाज के नेताओं को सम्मान देने के बजाय उन्हें अपमानित करने का रहा है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और बाबू जगजीवन राम का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा दलित नेतृत्व के साथ न्याय नहीं किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दलित महापुरुषों को सम्मान देने का काम किया गया है। बाबा साहेब अंबेडकर से जुड़े पंच तीर्थ विकसित किए गए और संत गुरु रविदास के योगदान को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला।
‘Job Seeker नहीं, Job Giver बन रहा युवा’
युवाओं के मुद्दे पर नितिन नवीन ने कहा कि पहले देश के युवाओं के सामने निराशा और अनिश्चितता का माहौल था, लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में युवा आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी खोजने वाला (Job Seeker) नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला (Job Giver) बनने की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है।
उत्तराखंड के विकास और धामी सरकार की सराहना
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राज्य के विकास को नई गति मिली है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम यात्रा मार्गों और अन्य सड़क परियोजनाओं सहित बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की भी सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करना एक महत्वपूर्ण कदम है।
नितिन नवीन ने कहा कि डबल इंजन की सरकार उत्तराखंड के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।
2027 के लिए भाजपा को दिया बूथ जीतने का मंत्र
बैठक में भाजपा पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा को बूथ स्तर तक अपनी ताकत और मजबूत करनी होगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाना केवल सत्ता हासिल करने का लक्ष्य नहीं है, बल्कि पार्टी की विचारधारा और विकास के संकल्प को आगे बढ़ाने की लड़ाई है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



