मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पर भाजपा चलाएगी ‘सेवा संकल्प अभियान

खबर शेयर करें

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक उत्तराखण्ड में होंगे 11 कार्यक्रम, बूथ स्तर तक पहुंचेगा अभियान

समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान के तहत उत्तराखण्ड में प्रदेश से लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में अभियान के दौरान 11 प्रमुख कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में सेवा और समर्पण को प्राथमिकता देते हुए देश के विकास और जनकल्याण के लिए कार्य किया है। इसी क्रम में उनके जन्मदिन 17 सितंबर से एक माह तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से सेवा गतिविधियों के साथ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

भट्ट ने बताया कि अभियान का शुभारंभ ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम से होगा। 17 सितंबर को बूथों और घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के जनसेवा के वर्षों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत का संकल्प लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी में 10 सितंबर को होगा गौरव सेनानियों का महासम्मेलन, 5000 पूर्व सैनिकों के जुटने का लक्ष्य

अभियान के तहत ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम में स्कूलों में चित्रकला, भाषण और अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को विकसित भारत की अवधारणा से जोड़ा जाएगा। वहीं ‘नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन, प्रमुख योजनाओं और देश में आए बदलावों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर माताओं और बच्चों के लिए पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण और महिला कल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया जाएगा।

सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की प्रेरक कहानियों को ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के माध्यम से वीडियो, रील और सोशल मीडिया पर साझा किया जाएगा। इसके अलावा ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के जरिए प्रमुख विकास कार्यों और परिवर्तनकारी परियोजनाओं की जानकारी जनसंवाद एवं डिजिटल माध्यमों से लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत गांवों से जिला मुख्यालयों तक मशाल यात्राएं निकाली जाएंगी। इनमें सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत का सामूहिक संकल्प दोहराया जाएगा।

यह भी पढ़ें -   वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व दर्जा राज्य मंत्री तारा दत्त पाण्डे का निधन, राजनीतिक एवं सामाजिक जगत में शोक की लहर

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं को रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर और डिजिटल साक्षरता समेत 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

वहीं ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत शिविरों का आयोजन कर लोगों को आयुष्मान कार्ड, पेंशन और विभिन्न सरकारी योजनाओं सहित अन्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

‘रंगोली राष्ट्र’ कार्यक्रम में प्राकृतिक सामग्री से रंगोली बनाकर राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक विरासत, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत-2047 की भावना को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों को स्थानीय समस्याओं के नवाचार आधारित समाधान प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

भट्ट ने कहा कि अभियान के सभी कार्यक्रमों को भाजपा संगठन प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक संचालित करेगा। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को सेवा गतिविधियों से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

वार्ता में मुख्य रूप से प्रदेश महामंत्री कुन्दन सिंह परिहार, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी, दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्या, प्रदेश सहमीडिया प्रभारी प्रदीप जनोटी, विवेक शर्मा, नितिन राणा सहित आदि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440