मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा चलाएगी ‘सेवा संकल्प अभियान’, हल्द्वानी में कार्यशाला संपन्न

खबर शेयर करें

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत@2047 से जुड़े कार्यक्रम

समाचार सच, हल्द्वानी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए जिला नैनीताल भाजपा की जिला कार्यशाला शनिवार, 5 सितंबर को भाजपा कुमाऊं संभाग कार्यालय में जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं जिला अध्यक्ष के स्वागत संबोधन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक कुंदन परिहार मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अभियान की विस्तृत रूपरेखा, उद्देश्य एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।

सेवा, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़ेगा अभियान
कुंदन परिहार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं सुशासन के कार्यकाल के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ ही विकसित भारत@2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ने का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के दौरान सेवा, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखते हुए देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। अब पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि इन उपलब्धियों और विकास योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
मुख्य वक्ता ने बताया कि 17 सितंबर की संध्या को बूथ स्तर पर कार्यकर्ता विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घर पहुंचकर दीप प्रज्ज्वलित करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं देंगे। इस कार्यक्रम को ‘आशीर्वाद का दीया’ नाम दिया गया है।

बच्चों से जुड़ेगा ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’
देश के भावी नागरिकों को अभियान से जोड़ने के लिए स्कूलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं सुशासन के कार्यकाल को लेकर विशेष चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। यह कार्यक्रम ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ के रूप में आयोजित होगा।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी! पिथौरागढ़ में 24 और बागेश्वर में 8 सड़कें बंद, 12 सितंबर तक बारिश का अलर्ट

नुक्कड़ नाटक और फिल्मों से पहुंचेगी ‘नमो सेवा गाथा’
‘नमो सेवा गाथा’ कार्यक्रम के तहत नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और लघु फिल्मों के माध्यम से मोदी सरकार की जनहितैषी योजनाओं और पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा वर्कर्स का होगा सम्मान
‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों और उनकी माताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा वर्कर्स के योगदान को सम्मानित करने के लिए उनके बीच पहुंचेंगे।

‘कहानी बदलाव की’ में सामने आएंगी लाभार्थियों की प्रेरक कहानियां
अभियान के तहत ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक और प्रेरणादायक कहानियों को सामने लाया जाएगा। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं से जीवन में आए सकारात्मक बदलाव के वीडियो और रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे।

डिजिटल माध्यम से पहुंचेगा विकसित भारत@2047 का संदेश
प्रदेश महामंत्री ने विकसित भारत संकल्प यात्रा की जानकारी देते हुए कहा कि डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स को ऐसे परिवर्तनकारी स्थलों तक ले जाया जाएगा, जहां विकास का वास्तविक प्रभाव दिखाई देता है। डिजिटल रथों और विशेष यात्राओं के माध्यम से देशभर में ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प को प्रचारित किया जाएगा।

सेवा ज्योति यात्रा से बढ़ेगी जनभागीदारी
सेवा ज्योति यात्रा के तहत गांव, जिला और राज्य स्तर पर यात्राएं निकाली जाएंगी। विभिन्न दिशाओं से आने वाली यात्राएं निर्धारित स्थानों पर एकत्र होंगी, जहां लोगों को 25 वर्षों की सेवा एवं विकास उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।

25 प्रकार की सेवा गतिविधियों से जुड़ेंगे नागरिक
‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक को समाज सेवा में योगदान देने का अवसर मिलेगा। रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच, शिक्षा सहयोग, महिला स्वास्थ्य, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, खेल, दिव्यांगजन सहयोग और अंगदान संकल्प सहित 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों में भागीदारी की जा सकेगी।

‘सेवा सेतु’ कैंप में लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा
सेवा सेतु अभियान के तहत विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कुंदन परिहार ने उत्तराखंड सरकार की ‘जन-जन की सरकार, आपके द्वार’ पहल का उल्लेख करते हुए इसे जनसेवा से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण व्यवस्था बताया।

यह भी पढ़ें -   चंपावत में दर्दनाक हादसा! सड़क खुलने का इंतजार कर रही कार पर गिरा विशाल बोल्डर, एक की मौत, चार घायल

युवाओं के लिए राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज
अभियान के तहत युवाओं और Gen-Z को जोड़ने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज आयोजित किया जाएगा। इसमें युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स और इनोवेटर्स से देश की समस्याओं के समाधान के लिए तकनीकी एवं नवाचार आधारित विचार आमंत्रित किए जाएंगे।

‘रंगोली राष्ट्र’ से दिखेगा राष्ट्रभक्ति का रंग
‘रंगोली राष्ट्र’ कार्यक्रम के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों पर मानव रंगोली सहित रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए राष्ट्रभक्ति और भारत के विकास की थीम पर बड़े स्तर पर रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

मुख्य वक्ता ने कहा कि अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, लाभार्थियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को व्यापक स्तर पर जोड़ा जाएगा।

कार्यशाला में नैनीताल लोकसभा सांसद अजय भट्ट, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल तथा जिला नैनीताल प्रभारी विवेक सक्सेना ने भी अभियान को लेकर अपने विचार रखे और कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री एवं अभियान के जिला संयोजक रंजन बर्गली, जिला उपाध्यक्ष प्रगति जैन एवं जिला मीडिया प्रभारी नितिन राणा ने किया।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, जिला सह प्रभारी रणदीप पोखरिया, नैनीताल विधायक सरिता आर्य, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, हल्द्वानी नगर निगम महापौर गजराज बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रदीप जनोटी, प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र नेगी, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, दिनेश आर्य, हरीश पांडेय, हुकुम सिंह कुंवर, मोहन पाठक, ध्रुव रौतेला, देवेंद्र ढैला, शांति मेहरा, भावना मेहरा, रेनू अधिकारी, शंकर कोरंगा सहित बड़ी संख्या में प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440