समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान
रानीबाग पुल से उफनती गौला नदी में छलांग लगाने वाले बिंदुखत्ता के शास्त्रीनगर निवासी 65 वर्षीय राम सिंह कोरंगा का शव आखिरकार बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया। हादसे के बाद से परिवार और पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटे थे। बुधवार सुबह शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थितियां थीं, जिनके चलते राम सिंह ने उफनती गौला नदी में अपनी जिंदगी खत्म करने जैसा कदम उठाया।
मंगलवार दोपहर रानीबाग पुल पर हुई घटना ने हर किसी को झकझोर दिया था। भारी बारिश के बीच राम सिंह पुल पर खड़े थे। इसी दौरान एक राहगीर ने उनसे पूछा कि, “चचा, बारिश में क्यों भीग रहे हो?” बताया जा रहा है कि राम सिंह ने हल्की सी मुस्कान के साथ उसकी ओर देखा। किसी को क्या पता था कि यह मुस्कान उनकी जिंदगी की आखिरी तस्वीर बन जाएगी।
कुछ ही क्षण बाद राम सिंह ने गौला नदी में छलांग लगा दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके जरिए उनके परिजनों को घटना की जानकारी मिली। वीडियो सामने आने के बाद परिवार के लोग काठगोदाम थाने पहुंचे और बुजुर्ग की पहचान की।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि राम सिंह करीब एक वर्ष पहले तक टैक्सी चलाते थे। स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्होंने टैक्सी चलाना छोड़ दिया था और पिछले करीब एक साल से बेरोजगार थे। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। एक बेटा अग्निवीर है, जबकि दूसरा निजी कंपनी में काम करता है।
परिजनों के अनुसार मंगलवार को घर में पारिवारिक विवाद हुआ था, जिसके बाद राम सिंह दोपहर करीब 12 बजे घर से निकल गए थे। इसके बाद वह रानीबाग पुल पहुंचे और गौला नदी में छलांग लगा दी।
हालांकि पुलिस को अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और परिवार की ओर से भी किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। ऐसे में राम सिंह ने यह कठोर कदम आखिर क्यों उठाया, इसका जवाब फिलहाल अनसुलझा है।
एक पल की वह मुस्कान, फिर उफनती गौला में छलांग और अगले दिन नदी से मिला शव… राम सिंह की मौत ने पीछे कई सवाल छोड़ दिए हैं, जिनके जवाब अब पुलिस जांच में तलाशे जा रहे हैं।
इधर इस दुखद घटना पर पूर्व क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत प्रतिनिधि अर्जुन सिंह बिष्ट ने गहरा दुख प्रकट किया। घटना की जानकारी मिलते ही वह उस स्थान पर पहुंचे, जहां गौला नदी से राम सिंह कोरंगा का शव बरामद हुआ। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
अर्जुन सिंह बिष्ट ने कहा कि राम सिंह कोरंगा की मौत बेहद दुखद और हृदयविदारक है। परिवार के ऊपर अचानक आई इस विपत्ति से वह और पूरा क्षेत्र मर्माहत है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में क्षेत्र के लोग परिवार के साथ खड़े हैं।
उन्होंने प्रशासन और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना के सभी पहलुओं को सामने लाने की मांग की, ताकि राम सिंह द्वारा उठाए गए इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके। साथ ही उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



