समाचार सच, बागेश्वर। शनिवार की सुबह राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के छात्रों के लिए सामान्य दिनों जैसी ही थी। बच्चे अपने प्रधानाचार्य के स्कूल पहुंचने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि उनके ष्गुरुजीष् अब कभी स्कूल की दहलीज पार नहीं कर पाएंगे। विद्यालय जाने के रास्ते में उन पर हुए जानलेवा हमले ने न सिर्फ एक शिक्षक की जिंदगी छीन ली, बल्कि पूरे शिक्षा जगत को गहरे सदमे में डाल दिया।
मृतक की पहचान दयानंद टम्टा (56 वर्ष), निवासी सैंज, के रूप में हुई है, जो राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला में प्रधानाचार्य के पद पर तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, दयानंद टम्टा शनिवार सुबह अपने घर से रोज की तरह विद्यालय के लिए निकले। मुख्य सड़क तक वाहन से पहुंचने के बाद वह पैदल स्कूल की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से मौजूद एक व्यक्ति ने उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमला इतना गंभीर था कि वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। आसपास के लोगों और परिजनों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रधानाचार्य की हत्या की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र स्तब्ध रह गए। जिन बच्चों को शनिवार को अपने प्रधानाचार्य का मार्गदर्शन मिलना था, उन्हें उनकी मौत की खबर मिली। स्कूल का माहौल गमगीन हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके और जिला अस्पताल पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमले के पीछे व्यक्तिगत रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



