शक्ति केंद्र होंगे मजबूत, अनुभवी नेताओं से समन्वय और चुनावी तैयारी पर हुआ महामंथन
समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान
उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से संगठनात्मक मोर्चेबंदी तेज कर दी है। हल्द्वानी में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के अंतिम सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का स्पष्ट संदेश दिया।
बैठक में आगामी चुनाव को देखते हुए भाजपा की जमीनी ताकत बढ़ाने, बूथों को सक्रिय करने और शक्ति केंद्रों को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि चुनावी सफलता के लिए मजबूत संगठन सबसे बड़ी ताकत है और इसके लिए कार्यकर्ताओं की सक्रियता बूथ स्तर तक दिखाई देनी चाहिए।
तीन बार दायित्व संभाल चुके नेताओं के अनुभव का मिलेगा लाभ
बैठक में उन पदाधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया गया, जो संगठन में तीन बार अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि अनुभवी पदाधिकारियों के संगठनात्मक अनुभव का लाभ लेकर भाजपा अपनी जमीनी पकड़ को और मजबूत कर सकती है।
मोर्चों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों से भी की बातचीत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ भी बातचीत की। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा नए बूथों को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में शक्ति केंद्रों को लगातार सक्रिय रखने और वहां पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी चर्चा हुई।
फिर हुई कोर कमेटी की अहम बैठक
प्रदेश कार्यसमिति के अंतिम सत्र के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में भाजपा की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर व्यापक चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया।
वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठन की मौजूदा स्थिति, बूथ स्तर की तैयारियों और आगामी चुनाव की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। भाजपा की इन बैठकों को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
अब बूथ होगा भाजपा की चुनावी रणनीति का सबसे मजबूत हथियार!
हल्द्वानी की प्रदेश कार्यसमिति से भाजपा ने साफ संकेत दे दिया है कि आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक पूरी तरह मजबूत करने की तैयारी शुरू हो चुकी है। शक्ति केंद्रों की मजबूती, अनुभवी नेताओं का समन्वय और कोर कमेटी की चुनावी रणनीति अब भाजपा के मिशन 2027 की दिशा तय करेगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



