चारधाम यात्रा फिर हुई शुरू, मौसम का खतरा बरकरार; देहरादून और बागेश्वर में बहुत भारी बारिश का अलर्ट

खबर शेयर करें

एक दिन की एहतियाती रोक के बाद चारधाम यात्रा बहाल, प्रशासन ने यात्रियों से मौसम अपडेट लेकर ही यात्रा करने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।

समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दिन के लिए स्थगित की गई चारधाम यात्रा मंगलवार (21 जुलाई) से दोबारा शुरू कर दी गई है। मौसम और यात्रा मार्गों की समीक्षा के बाद प्रशासन ने यात्रा को फिर से सुचारू रूप से संचालित करने का निर्णय लिया है। हालांकि मौसम विभाग ने राज्य में बारिश का दौर जारी रहने की चेतावनी देते हुए यात्रियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।

20 जुलाई को प्रदेशभर में मौसम विभाग द्वारा रेड अलर्ट जारी किए जाने और यात्रा मार्गों पर भूस्खलन व अन्य जोखिमों को देखते हुए चारधाम यात्रा को एहतियातन अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। अब हालात की समीक्षा के बाद यात्रा फिर शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड के हिमाच्छादित क्षेत्रों में 25 अगस्त से शुरू हो सकती है जनगणना, 131 गांव और 3 नगर पंचायतें होंगी शामिल

गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जिलों के जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर यात्रा का संचालन कराया जा रहा है। यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी की जा रही है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारियों को मौसम की स्थिति और मार्गों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

यात्रियों से प्रशासन की अपील
गढ़वाल आयुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि यात्रा के दौरान किसी स्थान पर भारी बारिश, भूस्खलन या अन्य कारणों से मार्ग बाधित होता है तो वे प्रशासन द्वारा बनाए गए सुरक्षित होल्डिंग एरिया में ही रुकें और पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। मौसम सामान्य होने के बाद ही आगे की यात्रा करें।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के दो वैज्ञानिकों को बड़ी सफलता, AI आधारित हृदय रोग तकनीक पर मिला भारत सरकार का पेटेंट

साथ ही यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है।

दो जिलों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को देहरादून और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी कई स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। लगातार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और कई पर्वतीय मार्गों पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440