समाचार सच, नैनीताल। डीएसए मैदान, नैनीताल में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड को ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करने की सरकार की दूरदृष्टि को साझा किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि अब खेलभूमि के रूप में सशक्त रूप से उभर रही है। खेल न केवल शरीर और मस्तिष्क का विकास करते हैं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना जैसे जीवन के मूल गुणों का निर्माण करते हैं।


मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ अभियानों की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में अब खेल संस्कृति नई ऊंचाइयों को छू रही है, और उत्तराखंड भी इस बदलाव का हिस्सा बन रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि हाल ही में संपन्न 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। नैनीताल और हल्द्वानी सहित राज्य के विभिन्न स्थानों पर सात राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं कराई गईं, जो राज्य की खेल क्षमता को दर्शाती हैं।
मुख्यमंत्री ने की कई बड़ी घोषणाएंः
-राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय हल्द्वानी में।
-लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना।
-23 खेल अकादमियां आठ प्रमुख शहरों में स्थापित होंगी।
-डीएसए मैदान बनेगा मॉडल स्पोर्ट्स सेंटर।
-फ्लैट्स मैदान में बनेगी हॉकी टर्फ व बॉक्सिंग रिंग।
-खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा फ्लैट्स मैदान में अन्य गतिविधियों पर रोक।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को बिना देर किए सरकारी नौकरी दी जा रही है। साथ ही ‘मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना’, ‘उदयमान खिलाड़ी योजना’, ‘खेल किट योजना’ और ‘उत्तराखंड खेल रत्न’ जैसे पुरस्कार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रहे हैं।
इस अवसर पर सीएम ने खेल भावना को सर्वाेपरि बताते हुए कहा कि हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण है खेल में भागीदारी और समर्पण।
इस कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, विधायक सरिता आर्या, विधायक राम सिंह केड़ा, मंडी अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू, विधायक फकीर राम टम्टा, राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, राज्य मंत्री दिनेश आर्य, दीपक मेहरा, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, अजय वर्मा, भावना मेहरा, मोहित आर्या, शांति मेहरा, अधिवक्ता शिवांशु जोशी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, डीआईजी रिद्धिमा अग्रवाल, डीएम वंदना सिंह, एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।





सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440