-देश व प्रदेश की भाजपा सरकारें कोरोना महामारी से निपटने में पूरी तरह विफल: प्रीतम
-राज्य की स्वास्थ्य सेवायें हो चुकी है चौपट : इंदिरा

समाचार सच, देहरादून/हल्द्वानी। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जिला स्तरीय वर्चुअल कान्फ्रेंस-कार्यकर्ता संवाद की शुरूआत आज नैनीताल जनपद से हुई। वर्चुअल सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण लम्बे समय से कार्यकर्ताओं से बात नहीं हो पा रही है जिसके लिए कांग्रेस पार्टी ने वर्चुअल सम्मेलन के माध्यम से सम्पर्क करने का प्रयास किया है। उन्होंने कोरोना महामारी के चलते लगाये गये लॉक डाउन के कारण आम जनता को हुई परेशानी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जरूरतमंदों की सहायता के लिए उनका धन्यवाद किया। कहा कि देश व प्रदेश की भाजपा सरकारें कोरोना महामारी से निपटने में पूरी तरह विफल रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य में पर्यटन पर आधारित रोजगार है तथा आज प्रदेश का पर्यटन उद्योग पूरी तरह से चौपट हो चुका है, जिसके चलते इस पर आधारित लोग बेरोजगार हो चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रवासी नागरिकों के वापस आने के कारण बेरोजगारों की लाईन और लम्बी हो चुकी है तथा राज्य सरकार के पास इनके रोजगार की कोई व्यवस्था नहीं है।
प्रदेश प्रभारी अनुग्रहनारायण सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जो एप लॉच किया था, उसके माध्यम से कांग्रेस पार्टी के पास पहुंची लोगों की समस्याओं का कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने समाधान करने का हर संभव प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के साथ खड़ी रही है।

नेता प्रतिपक्ष डॉ इन्दिरा हृदयेश ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि पूरे कोरोना काल में भाजपा सरकारे पूरी तरह विफल हुई हैं। राज्य की स्वास्थ्य सेवायें चौपट हो चुकी है, बाहर से आने वाले लोगों को जहां क्वारेंटाइन किया गया है, वहां गंदगी के अंबार लगे हुए हैं तथा उनके लिए सरकारी स्तर पर कोई व्यवस्था नही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बेरोजगार हुए लोगो के लिए रोजगार का कोई रोडमैप तैयार नहीं किया है जिसके कारण आने वाले समय में बेरोजगारी के कारण भुखमरी फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार के इंतजामों का यह आलम है कि वह कर्मचारियों को तनख्वाह तक नहीं दे पा रही है जो राज्य सरकार की प्रबन्धन नीति की विफलता है।
रैली में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, उपनेता प्रतिपक्ष करण महरा, सहप्रभारी राजेश धर्माणी, पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरिता आर्य, पूर्व मंत्री हरीश दुर्गापाल आदि ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष व वर्चुअल सम्मेलन संयोजक सूर्यकान्त धस्माना ने किया।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


