समाचार सच, रुद्रपुर डेस्क।
किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह ने भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा उर्फ सोनू को करीब 6200 वोटों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की। चौथे राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद सामने आए आंकड़ों में राजेश प्रताप सिंह की बढ़त निर्णायक रही। हालांकि, खबर तैयार किए जाने तक निर्वाचन प्रक्रिया की ओर से औपचारिक रूप से अंतिम परिणाम की घोषणा की प्रक्रिया पूरी होना बाकी थी।
बुधवार सुबह आठ बजे से किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए मतगणना शुरू हुई। कुल चार राउंड में मतों की गिनती की गई। शुरुआती राउंड से ही कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह ने बढ़त बना ली थी, जो प्रत्येक राउंड के साथ मजबूत होती गई। चौथे राउंड के आंकड़े सामने आने के बाद उनकी जीत लगभग स्पष्ट हो गई। परिणाम की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया।
जनता की जीत बताया परिणाम
मतगणना स्थल से बाहर आने के बाद राजेश प्रताप सिंह ने अपनी जीत का श्रेय किच्छा की जनता को दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि किच्छा की जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि उनका लक्ष्य किच्छा को एक आदर्श नगर पालिका के रूप में विकसित करना है। शपथ ग्रहण के बाद नगर की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर उनके समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने नगर के विकास को गति देने और जनता से जुड़े मुद्दों का समयबद्ध तरीके से समाधान कराने का भरोसा भी दिलाया।
तिलक राज बेहड़ की भूमिका का भी किया उल्लेख
राजेश प्रताप सिंह ने अपनी जीत में किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ की भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान विधायक ने पूरी तरह समर्पित होकर कार्य किया और लगातार जनता के बीच सक्रिय रहे। राजेश प्रताप सिंह ने इस जीत को किच्छा की जनता के साथ-साथ विधायक तिलक राज बेहड़ के प्रयासों की भी जीत बताया।
भाजपा प्रत्याशी ने कहा- परिणाम स्वीकार करेंगे
भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा उर्फ सोनू ने कहा कि तीसरे और चौथे राउंड की पूरी जानकारी उस समय तक उन्हें नहीं मिल पाई थी। उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता ने जो प्यार और समर्थन दिया, उसके लिए वह आभारी हैं। चुनाव का जो भी अंतिम परिणाम होगा, उसे स्वीकार किया जाएगा।
कई वार्डों में कांग्रेस-भाजपा के साथ निर्दलीयों ने भी मारी बाजी
अध्यक्ष पद के साथ ही किच्छा नगर पालिका के विभिन्न वार्डों के परिणाम भी सामने आए। वार्ड स्तर पर कांग्रेस और भाजपा के अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जीत दर्ज की है।
विजयी प्रत्याशियों में चंदन पांडे (निर्दलीय, कांग्रेस समर्थित), निर्मला देवी (भाजपा), दलकशा (कांग्रेस), राजकुमार कोली (भाजपा), श्याम बिष्ट (भाजपा), शिल्पी चौबे (भाजपा), हसीब (कांग्रेस), अयोध्या देवी (भाजपा), निशा (कांग्रेस), मुरली यादव (निर्दलीय), दिव्यांशु अग्रवाल (निर्दलीय, कांग्रेस समर्थित), गुलशन सिंधी (कांग्रेस), मन्तशा (कांग्रेस), शबा (कांग्रेस), निदा (निर्दलीय, कांग्रेस समर्थित), अलीना मलिक (कांग्रेस), मो. आरिफ (कांग्रेस), विशाल शर्मा (निर्दलीय) और गुरप्रीत सिंह (कांग्रेस) शामिल हैं।
वार्ड स्तर के नतीजों से स्पष्ट है कि नगर पालिका में अलग-अलग राजनीतिक दलों के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों को भी जनता का समर्थन मिला है। अध्यक्ष पद पर राजेश प्रताप सिंह की जीत के साथ ही किच्छा नगर पालिका के नए बोर्ड की तस्वीर भी काफी हद तक स्पष्ट हो गई है।
अब नवनिर्वाचित अध्यक्ष के सामने नगर की बुनियादी समस्याओं के समाधान, विकास कार्यों को गति देने और चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारने की चुनौती होगी। किच्छा नगर पालिका के चुनाव परिणाम के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक समीकरणों और आगामी विकास कार्यों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



