बैरिकेडिंग पर पुलिस-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की, कई नेता हिरासत में, प्रदर्शन के दौरान हरक सिंह रावत की बिगड़ी तबीयत
समाचार सच, देहरादून।
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित मंच ‘शुद्धिकरण’ को लेकर उत्तराखंड की सियासत लगातार गरमाती जा रही है। मंगलवार को इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने राजधानी देहरादून में सरकार के खिलाफ बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सचिवालय कूच के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने सुभाष रोड पर सचिवालय से पहले ही बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया।
प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका। बाद में कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेजा गया।
प्रदर्शन के बीच हरक सिंह रावत की तबीयत बिगड़ी
सचिवालय कूच के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें अपने वाहन से अस्पताल ले गए। प्रदर्शन स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति भी बनी रही।
गोदियाल बोले- सामाजिक सौहार्द से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए सामाजिक और जातीय विभाजन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब, दलित और वंचित वर्ग के सम्मान से जुड़े मामलों को हल्के में नहीं लिया जा सकता।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर कानूनी, राजनीतिक और वैचारिक स्तर पर अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पूर्व में दिए गए बयानों का हवाला देते हुए कहा कि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आनी चाहिए और मीडिया को केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित न रहकर पूरे मामले के तथ्यों को जनता के सामने रखना चाहिए।
‘दोषियों पर कार्रवाई तक आंदोलन जारी रहेगा’
कांग्रेस नेता यशपाल आर्य ने कहा कि पार्टी अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के कथित अपमान के मामले में चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि जब तक मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई नहीं की जाती, कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एक ओर खड़गे से जुड़े मामले में कार्रवाई की मांग पर पुलिस प्रशासन से शिकायत की जा रही है, जबकि दूसरी ओर राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कांग्रेस ने राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते हुए इसे वापस लेने की मांग भी दोहराई।
कई वरिष्ठ नेता प्रदर्शन में रहे मौजूद
सचिवालय कूच में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत, विधायक ममता राकेश, विधायक रवि बहादुर, विधायक लखपत सिंह बुटोला समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



