देहरादून में कांग्रेस बनाम बीजेपी आमने-सामने, कांग्रेस भवन कूच पर पुलिस ने लगाया ब्रेक, घंटों चला हाईवोल्टेज हंगामा

खबर शेयर करें

राहुल गांधी के पीएम आवास प्रदर्शन के विरोध में भाजपा का कांग्रेस भवन घेराव, जवाब में कांग्रेस भी सड़कों पर उतरी, बैरिकेडिंग पर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक

समाचार सच, देहरादून। राजधानी देहरादून में बुधवार को राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब भारतीय जनता पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए प्रदर्शन के विरोध में कांग्रेस भवन घेराव का ऐलान किया। दूसरी ओर कांग्रेस ने भी भाजपा के विरोध की तैयारी पहले से कर रखी थी। पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, हालांकि समय रहते पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर दोनों पक्षों को रोक लिया और संभावित टकराव टाल दिया।

भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में महानगर कार्यालय से रैली निकालते हुए कांग्रेस भवन की ओर बढ़े। जैसे ही रैली कनक चौक के पास पहुंची, पुलिस ने पहले से लगाए गए बैरिकेड पर उन्हें रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

उधर, कांग्रेस भी पीछे नहीं रही। भाजपा के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन के बाहर एकत्र हो गए। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एश्ले हॉल चौक पर लगी पहली बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने दूसरी बैरिकेडिंग पर उन्हें रोक दिया।

यह भी पढ़ें -   केदारनाथ पैदल मार्ग फिर बंद, भारी बारिश के बाद छौड़ी में बोल्डर-मलबा गिरा, यात्रियों की आवाजाही रोकी गई

दोनों दलों के समर्थकों के बीच कुछ समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। हालांकि पुलिस ने पूरी स्थिति पर नजर बनाए रखी और किसी भी प्रकार के आमने-सामने के टकराव को होने नहीं दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मंदोली ने कहा कि राहुल गांधी का प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रही है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

यह भी पढ़ें -   हाईकोर्ट शिफ्टिंग पर नया मोड़: नैनीताल से हल्द्वानी स्थानांतरण के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू पिटिशन दायर करेगा अधिवक्ता संघ

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य देश में अराजकता का माहौल बनाना है, जबकि भाजपा शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रही है।

वहीं, कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के साथ पुलिस की कार्रवाई लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों की आवाज उठाती रहेगी और केंद्र सरकार से जवाब मांगती रहेगी।

राजधानी में दिनभर चले इस राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के दौरान पुलिस की सतर्कता के चलते कोई अप्रिय घटना नहीं हुई, लेकिन दोनों प्रमुख दलों के बीच सियासी टकराव ने प्रदेश की राजनीति को एक बार फिर गरमा दिया।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440