समाचार सच, हल्द्वानी। दिल्ली में छात्रों के समर्थन में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार और गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को महानगर कांग्रेस कमेटी, हल्द्वानी ने स्वराज आश्रम में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाया।
धरने को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि देश का युवा शिक्षा, रोजगार और अपने भविष्य से जुड़े सवालों का जवाब मांग रहा है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज़ दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों के समर्थन में खड़े राहुल गांधी एवं कांग्रेस नेताओं के साथ किया गया कथित व्यवहार लोकतंत्र पर सीधा हमला है। कांग्रेस अन्याय, दमन और लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।
महिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मधु सांगूड़ी ने कहा कि देश का युवा अपने भविष्य, शिक्षा और रोजगार को लेकर संघर्ष कर रहा है। ऐसे समय में उसकी आवाज़ उठाने वालों के साथ इस प्रकार का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्र-युवा शक्ति के साथ मजबूती से खड़ी है।
पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष हेमन्त बगड़वाल ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति जताना और शांतिपूर्ण विरोध करना संविधान प्रदत्त अधिकार है। छात्रों के समर्थन में आवाज़ उठाने वाले नेताओं की गिरफ्तारी सरकार की असहिष्णुता को दर्शाती है। उन्होंने सरकार से युवाओं की शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष हेमन्त बगड़वाल, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, संजू पाना, ब्लॉक अध्यक्ष हेम पांडे, ब्लॉक अध्यक्ष जाकिर हुसैन, महिला महानगर अध्यक्ष मधु सांगूड़ी, राजो टंडन, रेनू तोमर, मंजू पांडे, पार्षद धर्मवीर, गोविंद बगड़वाल, हेमन्त साहू, एडवोकेट कोमल जायसवाल, राजेन्द्र उपाध्याय, त्रिलोक बनोली, संजू उप्रेती, दीपक साह, कमल मेहता, एडवोकेट रंजीत डसीला, लाल सिंह पंवार, संजय जोशी, जीवन बिष्ट, प्रदीप बिष्ट, शंकर कोहली, जग्गू बगड़वाल, शाद अली, अमित रावत, देवेंद्र मेहरा, गणेश टम्टा, एडवोकेट मनोहर सांगूड़ी, संदीप बिनवाल, एडवोकेट बंटू रहमान, उदित करायत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



