समाचार सच, देहरादून। कोटद्वार बेस हॉस्पिटल में तैनात दो स्टाफ नर्स की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से एक स्टाफ नर्स कुछ दिन पूर्व हरिद्वार से आई थी। दो स्टाफ नर्सों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद चिकित्सालय में हड़कंप मचा हुआ है। प्रमुख अधीक्षक डॉक्टर वागीश चंद्र काला ने बताया कि दोनों स्टाफ नर्स के सैंपल 27 जुलाई को लिए गए थे। बताया उनके संपर्क में आए 54 व्यक्ति आए थे, जिन्हें आइसोलेशन में रखा जाएगा। वहीं, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में 7 लोगों की रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव पाई गई है। डोईवाला क्षेत्र में कोरोना के चार मामले सामने आए हैं, जिनमें एक सेना का जवान भी शामिल है। कोरोना के मोर्चे पर उत्तराखंड के लिए आज का दिन थोड़ा राहत भरा रहा। 23 दिन बाद ऐसा हुआ कि प्रदेश में नए केस की तुलना में स्वस्थ हुए मरीजों की तादाद ज्यादा रही। इससे रिकवरी रेट में भी 1.47 फीसद की बढ़ोत्तरी आई है। जो कि पिछले कुछ समय से लगातार गिर रहा था। 118 नए मामले आए, जबकि 172 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे। अभी तक उत्तराखंड में कोरोना के 7183 मामले आए हैं। जिनमें 4168 यानी 58.03 फीसद स्वस्थ हो चुके हैं। 2895 मरीज अभी विभिन्न अस्पतालों और कोविड-केयर सेंटर में भर्ती हैं, जबकि 38 मरीज राज्य से बाहर जा चुके हैं। जून समाप्ति पर प्रदेश में रिकवरी रेट 77 फीसद से ऊपर था। जुलाई के प्रथम सप्ताह में यह 81 फीसद से ऊपर पहुंच गया और उत्तराखंड सबसे बेहतर रिकवरी रेट वाले राज्यों में शुमार हुआ। लेकिन, इसके बाद कोरोना की रफ्तार एकाएक ऐसी बढ़ी कि सारी सांख्यिकी गड़बड़ा गई। दिन-ब-दिन स्थिति बिगड़ती चली गई। आठ जुलाई के बाद से हर दिन रिकवरी से कई गुना अधिक नए मामले आ रहे थे। जून में जहां स्वस्थ हुए मरीजों का आंकड़ा 2129 था, जुलाई में यह घटकर 1937 पर आ गया। लेकिन, माह के आखिरी दिन ही सही आंकड़ों ने कुछ हद तक सुकून दिया। शुक्रवार को जो 172 मरीज रिकवर हुए, उनमें 95 देहरादून, 65 नैनीताल, आठ पौड़ी, तीन ऊधमसिंहनगर व एक हरिद्वार से है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












