घोड़ा-खच्चर चलाने वाले की बेटी ने रचा इतिहास, उत्तराखंड की सीनियर महिला क्रिकेट टीम में हुआ चयन

खबर शेयर करें

समाचार सच, रुद्रप्रयाग डेस्क। केदारघाटी के एक साधारण परिवार की बेटी रीतिका रावत ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रामपुर-न्यालसू गांव की 20 वर्षीय रीतिका का चयन उत्तराखंड की सीनियर महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। कभी खेतों में अभ्यास कर अपनी गेंदबाजी को धार देने वाली रीतिका अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार हैं। उनकी इस सफलता से केदारघाटी सहित पूरे रुद्रप्रयाग जनपद में खुशी का माहौल है।

रीतिका की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। उनके पिता महेंद्र सिंह रावत केदारनाथ यात्रा मार्ग पर घोड़ा-खच्चर संचालन कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनकी माता अरुणा देवी गृहिणी हैं। साधारण पारिवारिक परिस्थितियों के बीच रीतिका ने क्रिकेट के प्रति अपने जुनून को कभी कम नहीं होने दिया और लगातार मेहनत करके इस मुकाम तक पहुंचीं।

रीतिका बाएं हाथ की ऑर्थाेडॉक्स स्पिन गेंदबाज हैं। उन्होंने पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, ऊखीमठ से इंटरमीडिएट तक की शिक्षा प्राप्त की। क्रिकेट के प्रति अपने जुनून को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने मदमहेश्वर क्रिकेट एकेडमी में कोच गणेश वर्मा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया। शुरुआती दौर में सीमित सुविधाओं के बीच खेतों में अभ्यास कर उन्होंने अपनी गेंदबाजी को बेहतर बनाया।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी में क्षत्रिय उत्थान महासभा का भव्य दशहरा मिलन समारोह, मेयर गजराज बिष्ट समेत कई विभूतियां सम्मानित

लगातार अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया। वर्तमान में रीतिका देहरादून की निंबस क्रिकेट एकेडमी में प्रशिक्षण ले रही हैं, जहां वह अपने खेल को और निखारने में जुटी हैं।

उत्तराखंड की सीनियर महिला क्रिकेट टीम में चयन रीतिका के खेल जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस उपलब्धि के बाद उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए रीतिका 23 अक्टूबर को टीम के साथ पुणे रवाना होंगी।

अब खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों की निगाहें उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि रीतिका अपनी शानदार गेंदबाजी से टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान देंगी और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड चुनाव से पहले कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’ 22 से, चार दिशाओं से निकलेगी यात्रा; हल्द्वानी समेत कई क्षेत्रों में होंगे कार्यक्रम

रीतिका की उपलब्धि ने साबित किया है कि सफलता के लिए केवल संसाधन ही नहीं, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण भी जरूरी है। उनकी कामयाबी क्षेत्र की उन बेटियों के लिए भी प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं।

केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने रीतिका के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। वहीं, क्षेत्रवासियों ने भी उनकी सफलता पर खुशी जताई और आगामी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की कामना की है।

घोड़ा-खच्चर संचालन कर परिवार चलाने वाले पिता की बेटी का प्रदेश की सीनियर महिला क्रिकेट टीम तक पहुंचना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। अब रीतिका का लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करना और अपने परिवार, गांव व उत्तराखंड का नाम रोशन करना है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440