समाचार सच, हरिद्वार। जिले के बहादराबाद थाना क्षेत्र के अतमलपुर बौंगला बाईपास के पास सोमवार सुबह एक खेत में अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत में काम करने पहुंचे ग्रामीणों ने जब लहूलुहान शव देखा तो उनके होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कराए।
मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल के पास से शराब और पानी की बोतलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ग्रामीण रोजाना की तरह खेतों में काम करने गए थे, तभी एक पॉपलर के खेत में शव पड़ा दिखाई दिया। शव मिलने की खबर से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। उसकी जेब से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
बहादराबाद थाना प्रभारी अमरजीत सिंह के अनुसार, मोबाइल फोन और अन्य सुरागों के आधार पर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



