मोबाइल, आधार कार्ड और नकदी बरामद, हत्या या हादसा? सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
समाचार सच | रुद्रपुर डेस्क
उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक होटल के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव के सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद मामला और रहस्यमय हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 10 बजे ग्रीन प्लाई कंपनी के सामने सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान 47 वर्षीय संजीव कुमार, पुत्र कैलाश चंद्र, निवासी दोड़ापुर, जनपद मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। मृतक के पास से मोबाइल फोन, आधार कार्ड और कुछ नकदी बरामद हुई, जिससे उसकी पहचान की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मौत किसी सड़क हादसे का परिणाम है या फिर उसके पीछे कोई आपराधिक घटना है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
ट्रांजिट कैंप पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही स्थानीय लोगों और दुकानदारों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मृतक आखिरी बार किसके साथ देखा गया था और वह घटनास्थल तक कैसे पहुंचा।
सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि पुलिस हत्या, सड़क दुर्घटना समेत हर संभावित एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



