हरिद्वार में मौत को मात! गंगनहर में 1 किमी तक बहती रही बुजुर्ग महिला, युवक की सतर्कता से बची जान

खबर शेयर करें

समाचार सच, हरिद्वार डेस्क। उत्तराखंड के हरिद्वार में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां तेज बहाव वाली गंगनहर में गिरने के बाद एक बुजुर्ग महिला करीब एक किलोमीटर तक बहती रही। मौके पर मौजूद लोगों ने शुरुआत में महिला को मृत समझ लिया, लेकिन एक युवक की सतर्क नजर और त्वरित सूचना के चलते उसकी जान बच गई। पुलिस और स्थानीय युवकों के संयुक्त प्रयास से महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

घटना शुक्रवार की है। जटवाड़ा पुल के पास मौजूद अंकित चौधरी की नजर गंगनहर में बह रही एक महिला पर पड़ी। पहले उन्हें लगा कि पानी में कोई शव बह रहा है, लेकिन ध्यान से देखने पर महिला के शरीर में हलचल दिखाई दी। महिला के जीवित होने का एहसास होते ही अंकित ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीम हरकत में आ गई। रेस्क्यू टीम ने रेगुलेटर पुल के पास महिला तक रस्सी पहुंचाई, जिसे महिला ने मजबूती से पकड़ लिया। उफनते पानी के बीच रस्सी के सहारे लटकी महिला को देख वहां बड़ी संख्या में लोग जुट गए और उसकी सलामती की दुआ करने लगे।

यह भी पढ़ें -   खटीमा गोलीकांड की बरसी पर छलका आंदोलनकारियों का दर्द, शहीदों को श्रद्धांजलि देकर बोले- गैरसैंण राजधानी का सपना अब भी अधूरा

इसके बाद कुछ स्थानीय युवक भी बचाव अभियान में शामिल हो गए। दूसरी रस्सी के सहारे युवक गंगनहर में उतरे और काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि महिला पूरे समय होश में थी और हिम्मत बनाए रखी।

जानकारी के अनुसार बुजुर्ग महिला कनखल क्षेत्र की निवासी हैं। उन्होंने बताया कि गंगा घाट पर अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गंगनहर में गिर गई थीं और तेज बहाव में बहने लगीं।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी का ‘शुद्धिकरण’ विवाद पहुंचा हाईकोर्ट, 7 सितंबर को हो सकती है सुनवाई; साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अंकित चौधरी समय रहते महिला को न देख पाते और पुलिस को सूचना न देते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। महिला के परिजनों ने अंकित और हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया है।

ज्वालापुर सीओ संजय चौहान ने बताया कि महिला के बहने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया और उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। सोशल मीडिया पर भी रेस्क्यू का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग अंकित चौधरी व पुलिस टीम की सराहना कर रहे हैं।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440