नैनीताल जिले में सफाई पर DM की सख्ती: कहीं दिखा कूड़े का ढेर तो जिम्मेदार अधिकारी पर होगी कार्रवाई

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में अधिकारियों की बैठक लेते हुए साफ शब्दों में निर्देश दिए कि नैनीताल जिले की सड़कों पर किसी भी स्थान पर कूड़े का ढेर मिला तो संबंधित अधिकारी को तुरंत कार्रवाई झेलनी पड़ेगी। बैठक में स्वच्छता अभियान, शीतकालीन तैयारी, अवैध अतिक्रमण व खनन रोकथाम तथा होम स्टे योजना की समीक्षा की गई।

DM ने नगर निकायों को स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर परिणाम लाने के लिए सख्त निर्देश देते हुए कहा कि हर निकाय अपने क्षेत्र को पूरी तरह स्वच्छ बनाए। नगर आयुक्त व सभी अधिशासी अधिकारी प्रतिदिन सफाई व्यवस्था की समीक्षा के साथ एक-एक वार्ड का औचक निरीक्षण करेंगे। जहां भी गंदगी मिले, वहां तैनात सफाई निरीक्षक व पर्यावरण मित्र से तत्काल जवाब-तलब कर कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले सफाई कर्मियों को सेवा से हटाने तक की चेतावनी दी गई।

यह भी पढ़ें -   सांसद अजय भट्ट ने विकास कार्यों की समीक्षा की, गोला पुल की सुरक्षा और बिजली सेवाओं पर सख्त निर्देश

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पर्यावरण मित्रों व सफाई कर्मियों को आवश्यक उपकरण, मास्क, ग्लव्ज व बूट उपलब्ध कराए जाएं, ताकि सफाई कार्य में कोई बाधा न आए। DM ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और कूड़ा निस्तारण पर भी विशेष जोर देने को कहा।

शीतकाल की तैयारी की समीक्षा करते हुए DM रयाल ने रैन बसेरों में गर्म कपड़ों, जलावन और अन्य जरूरी इंतज़ाम सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जरूरतमंदों को कोई कठिनाई न हो।

अतिक्रमण के खिलाफ भी DM ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी उप जिलाधिकारियों व नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्र में जहां कहीं भी फुटपाथ, नालियों या सड़कों पर अतिक्रमण है, उसे एक अभियान चलाकर तुरंत हटाया जाए। हल्द्वानी शहर में चौराहों के चौड़ीकरण कार्य को जल्द पूरा करने और जहां विद्युत पोल शिफ्ट होने हैं, वहां यह कार्य भी समयबद्ध रूप से कराए जाने के निर्देश दिए।

अवैध खनन पर रोक के लिए DM ने सभी SDM और खान अधिकारी को नियमित भ्रमण करने और जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बिल्कुल न होने देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसी शिकायत मिलने पर सीधे अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।

यह भी पढ़ें -   ‘असिस्टेंट होम स्टे मेनेजर’ की प्रतिभागी पुस्तिका एवं प्रशिक्षक पुस्तिका का लोकार्पण

होम स्टे योजना की समीक्षा करते हुए DM ने निर्देश दिए कि सभी SDM अपने क्षेत्र में संचालित होम स्टे का निरीक्षण करें। जो होम स्टे मानकों पर खरे नहीं उतरते, उनमें पार्किंग नहीं है या मालिक स्वयं निवास नहीं करता, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही हर होम स्टे में स्थानीय संस्कृति, महिला समूहों के उत्पाद और पर्यटन को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों को प्रदर्शित करने पर जोर दिया।

DM ने जिले में नए वेडिंग डेस्टिनेशन चिह्नित कर उन्हें विकसित करने और शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, नगर आयुक्त परितोष वर्मा सहित सभी SDM, सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440