समाचार सच, हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में बीते दिवस आयोजित महिला सुरक्षा पर संगोष्ठी एवं जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पूर्व जिला आयुर्वेद अधिकारी एवं पर्यावरणविद् डॉ. आशुतोष पंत को उत्तराखंड राज्य महिला आयोग द्वारा सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता और प्रकृति संवर्धन के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने पर कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने डॉ. पंत के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस दिशा में समाज को प्रेरित करने वाले व्यक्तित्व सम्मान के वास्तविक अधिकारी हैं।
कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड राज्य महिला आयोग द्वारा महिला सुरक्षा, महिला अधिकारों और राज्य स्तरीय क्षमता संवर्धन के उद्देश्य से किया गया था। इस अवसर पर महिला पुलिस कर्मियों, विधिक सेवा अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण देकर उन्हें मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार करने की योजना पर भी चर्चा की गई।
सम्मान समारोह में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती कुसुम कंडवाल, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी तथा जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
डॉ. आशुतोष पंत को मिले इस सम्मान पर सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



