समाचार सच, देहरादून डेस्क: उत्तराखंड के देहरादून में नशे में धुत युवकों ने पुलिस चेकिंग के दौरान खौ़फनाक तांडव मचाया। पुलिसकर्मी और एक आम नागरिक को अपनी कार से रौंदने के बाद कार सवार फरार हो गए। हादसे में पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी की और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह घटना 7 अप्रैल की रात राजधानी देहरादून के विकासनगर थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने डाकपत्थर तिराहे के पास ऑपरेशन प्रहार के तहत चेकिंग अभियान चलाया था, तभी हर्बटपुर से आ रही काले रंग की कार (नंबर एचआर-87-पी-6040) को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन चालक ने कार को और तेज रफ्तार से पुल नंबर एक की ओर दौड़ा दिया। इसके बाद पुलिस ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम से अन्य चेकपोस्टों को दे दी।
कुछ समय बाद, धनवंतरी चौक से कैनाल रोड की ओर जाने वाली सड़क पर कार की तेज रफ्तार का पता चला। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की कोशिश की, लेकिन कार चालक ने वाहन को पीछे करते हुए सरकारी वाहन से टक्कर मारी और एक पुलिसकर्मी को रौंद दिया। पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया और कार सवार मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने भी युवकों को रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्हें भी टक्कर मारते हुए कार सवार फरार हो गए। घायल पुलिसकर्मी और एक स्थानीय नागरिक को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने कार की जानकारी व्हाट्सएप पर सर्कुलेट की और कुछ समय बाद, बल्लीवाला फ्लाईओवर के पास कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक घायल हुआ और मौके से फरार नहीं हो सका, जबकि अन्य तीन आरोपी भागने में सफल रहे। पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया और बाद में बाकी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
डाकपत्थर चौकी प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि इस मामले में कोतवाली विकासनगर में केस दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण किया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। गिरफ्तार युवकों की पहचान 20 वर्षीय साहिल (टीचर कॉलोनी, डाकपत्थर), 24 वर्षीय आयुष (पहाड़ी गली, विकासनगर), 21 वर्षीय अंशुल चौहान (चकराता, जीवनगढ़) और 21 वर्षीय प्रियांशु (बामनवाला, हरिपुर कालसी) के रूप में हुई है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



