हरेला सप्ताह में बच्चों ने उकेरी प्रकृति की तस्वीर, पौधरोपण कर दिया हरियाली का संदेश

खबर शेयर करें

समाचार सच, कोटद्वार। हरेला पर्व सप्ताह के अंतर्गत हेमनदास सरस्वती शिशु मंदिर, जानकीनगर में चित्रकला प्रतियोगिता, पौधरोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वच्छता एवं जनसेवा के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत चित्रकला प्रतियोगिता से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने हरेला, हरित पर्यावरण और प्रकृति संरक्षण विषय पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके बाद विद्यालय परिसर में तुलसी सहित विभिन्न पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथि एवं आधारशिला रक्तदान समूह के संरक्षक रक्तवीर दलजीत सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने बच्चों को सेवा, संवेदनशीलता और समाज के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने तथा भविष्य में स्वैच्छिक रक्तदाता बनने के लिए प्रेरित किया।

यह भी पढ़ें -   चमोली में बड़ा हादसा: THDC की टनल में मलबा और पानी घुसा, कई मजदूर फंसे

देवभूमि पहल समिति उत्तराखंड के अध्यक्ष एवं आधारशिला रक्तदान समूह के मीडिया प्रभारी शिवम नेगी ने कहा कि हरेला केवल पौधे लगाने का पर्व नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने प्रत्येक विद्यार्थी से कम से कम एक पौधे की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया।

समिति के महासचिव एवं आधारशिला रक्तदान समूह के रक्तसेवक उत्कर्ष नेगी ने विद्यार्थियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी देते हुए इको ब्रिक्स तैयार करने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरे का पुनः उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है तथा सभी को प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए आगे आना चाहिए।

यह भी पढ़ें -   बिगवाड़ा भट्टा के पास ग्राउंड में मिला युवक का शव, नहीं हो सकी शिनाख्त, जांच में जुटी पुलिस

विद्यालय के प्रधानाचार्य महेंद्र गौड़ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्व, पर्यावरण संरक्षण और सेवा भावना के संस्कार विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य अंचल कुमार अग्रवाल, मनोज जोशी, प्रयाग दत्त चमोली सहित समस्त विद्यालय परिवार मौजूद रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण और समाज सेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रेरक संदेश दिया गया।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440