जरूरतमंद परिवारों को मिठाई, खिलौने और दिवाली का सामान देकर मनाया पर्व, उपहार पाकर खिले बच्चों के चेहरे

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। दीपावली का असली आनंद दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने में है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए सारथी फाउंडेशन समिति ने इस वर्ष भी जरूरतमंद परिवारों के साथ दिवाली मिलन कार्यक्रम आयोजित कर खुशियों की सौगात बांटी। संस्था की इस पहल ने मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले जरूरतमंद परिवारों के त्योहार को खास बना दिया।

मुखानी रोड स्थित मां जगदंबा बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में संस्था की ओर से पहले से चिह्नित जरूरतमंद परिवारों को दीपावली के उपहार भेंट किए गए। उपहारों में मोमबत्तियां, मिठाई, खिलौने, खील-बताशे, जूस, चिप्स, नमकीन और बिस्कुट सहित त्योहार से जुड़ी आवश्यक सामग्री शामिल रही।

दिवाली की सामग्री पाकर परिवारों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। लाभार्थी परिवारों ने सारथी फाउंडेशन समिति की इस पहल की सराहना करते हुए संस्था के सदस्यों का आभार जताया। उनका कहना था कि संस्था हर वर्ष दीपावली से पहले जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा करती है। संस्था की यह पहल समाज में सहयोग, संवेदना और आपसी प्रेम का संदेश देती है।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड के 5 जिलों में बदलेगा मौसम, ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार; घाटियों में कोहरे की चेतावनी

कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष नवीन पंत ने सभी परिवारों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब समाज के हर वर्ग तक उनका उजाला पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने सभी परिवारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें दिवाली सामग्री के पैकेट उपहार स्वरूप भेंट किए।

संस्था के सचिव ज्ञानेन्द्र जोशी ने कहा कि सारथी फाउंडेशन समिति प्रत्येक वर्ष दीपावली से पहले जरूरतमंद परिवारों के साथ यह पर्व मनाती है। उन्होंने कहा कि इन परिवारों का स्नेह और आशीर्वाद ही संस्था की सबसे बड़ी पूंजी है। संस्था का प्रयास है कि त्योहार के अवसर पर कोई भी परिवार खुद को अकेला महसूस न करे। उन्होंने सभी को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

यह भी पढ़ें -   केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत, नियमित हेली सेवाएं चालू; चार्टर उड़ानों पर लगा ब्रेक

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष नवीन पंत, सचिव ज्ञानेन्द्र जोशी, चार्टर्ड अकाउंटेंट सरोज आनंद जोशी, गिरीश चंद्र लोहनी, गीता बेलवाल, हेमा जोशी, मीना साही, पूजा पंत, भावना जोशी, कौशल्या जोशी, बीना जोशी, रंजना जोशी, भावना पांडे, रमा जोशी, दीप्ति जोशी, भगवती बिष्ट, जयप्रकाश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

सारथी फाउंडेशन समिति की इस पहल ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि त्योहारों की वास्तविक खुशी केवल अपने घर को रोशन करने में नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में भी खुशियों का दीप जलाने में है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440