समाचार सच, अल्मोड़ा। कांग्रेस की जनसभा में शामिल होकर लौट रहे पिथौरागढ़ के पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह बथियाल की गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा अल्मोड़ा जिले के बाड़ेछीना-धौलछीना मोटर मार्ग पर कांचुला पुल के पास हुआ, जहां उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब दो बजे कार संख्या न्ज्ञ04 ज्।-2999 बाड़ेछीना-धौलछीना मोटर मार्ग पर कांचुला पुल के समीप अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग कांग्रेस की रैली में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राहत एवं बचाव दल तथा स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाड़ेछीना पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह बथियाल (75) पुत्र महेंद्र सिंह बथियाल निवासी नाचनी, पिथौरागढ़ को मृत घोषित कर दिया। वहीं वाहन में सवार गणेश कुमार (32) पुत्र भोपाल राम और भूपेंद्र प्रसाद (25) पुत्र दीवानी राम गंभीर रूप से घायल पाए गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेस अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतक और घायल सभी लोग पिथौरागढ़ जिले के नाचनी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है। कांग्रेस की रैली से लौटते समय हुए इस हादसे ने राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक का माहौल पैदा कर दिया है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



