
समाचार सच, रामनगर डेस्क। नैनीताल जिले के रामनगर में दहेज उत्पीड़न से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां नवविवाहिता कोहिनूर की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग करने तथा उनकी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोप है कि घटना के बाद हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
पुलिस के अनुसार, मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना क्षेत्र के बुढनपुर गांव निवासी नसीम अहमद ने 18 अक्टूबर 2026 को रामनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर के खताड़ी, गैस गोदाम रोड निवासी उवेश पुत्र फजले अली के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि शादी में अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज देने के बावजूद कोहिनूर के ससुराल वाले लगातार बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग कर रहे थे। आरोप है कि 16 अक्टूबर 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने कोहिनूर की हत्या कर दी।
शिकायत के आधार पर रामनगर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 339/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) में अभियोग दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और विवेचना में सामने आया कि कोहिनूर और उसके पति के बीच दहेज की रकम तथा पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए।
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर कोहिनूर को कमरे में चारपाई पर गिराया गया। आरोप है कि उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर हाथ-पैर पकड़े गए और गर्दन पर दबाव डाला गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जांच में यह भी आरोप सामने आया कि घटना के बाद मौत को आत्महत्या दिखाने के उद्देश्य से कोहिनूर के गले में दुपट्टा बांधकर उसे पंखे से लटकाने का प्रयास किया गया। इसके बाद उसके आत्महत्या करने की बात बताई गई। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्यों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस ने मामले में निम्नलिखित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
उवेश (22 वर्ष): मृतका का पति नसरीन (50 वर्ष) सास,अनस (23 वर्ष) जेठ] शबा (20 वर्ष) ननद। चारों आरोपी रामनगर के खताड़ी क्षेत्र में गैस गोदाम, ऊंटपड़ाव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में उपलब्ध साक्ष्यों, घटनाक्रम और विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों का गहन परीक्षण किया जा रहा है। अन्य व्यक्तियों की संभावित भूमिका और संबंधित साक्ष्यों के संबंध में भी जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, चौकी प्रभारी छोई देवेंद्र सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक सोमेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह भंडारी और महिला कांस्टेबल हरदेश कौर शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 2,500 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



