समाचार सच, नैनीताल। तल्लीताल पुलिस ने अवैध गैस सिलेंडर की सप्लाई पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों को पकड़ा और चार लोगों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट की सूचना पर की गई।


श्री बिष्ट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो पिकअप वाहन इंडेन के कमर्शियल गैस सिलेंडर लेकर मल्लीताल से तल्लीताल की ओर आ रहे हैं, जिन्हें गैरकानूनी रूप से सप्लाई किया जा रहा है। जानकारी मिलने पर तल्लीताल पुलिस ने डांट चौराहे पर चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान पंजीकरण संख्या UK04CC1748 और UK04CC1896 वाले दो वाहनों को रोका गया। तलाशी में कुल 58 सिलेंडर बरामद हुए, जिनमें से पहले वाहन में 23 भरे और 7 खाली सिलेंडर थे, जबकि दूसरे वाहन में 17 भरे और 11 खाली सिलेंडर पाए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज सिंह (अमृत रसोई, तल्लीताल), अशोक बिष्ट (गाड़ी पड़ाव, मल्लीताल), हितेश चंद्र (ओक पार्क, मल्लीताल), और गणेश बिष्ट (रॉयल होटल कंपाउंड, मल्लीताल) के रूप में हुई है। सभी आरोपी सिलेंडरों के वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके और संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पाए।
प्रारंभिक जांच में यह पुष्टि हुई है कि सिलेंडरों की आपूर्ति अवैध रूप से की जा रही थी। पुलिस ने चारों को आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।
यह कार्रवाई तल्लीताल पुलिस टीम के कांस्टेबल सुनील कुमार और अमित कुमार द्वारा सतर्कता और कुशलता से अंजाम दी गई। पुलिस ने इस अभियान के जरिए गैस कालाबाजारी के एक सक्रिय नेटवर्क को ध्वस्त किया है।





सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440