समाचार सच, हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में वन विकास निगम से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटर पर बायोमैट्रिक सिस्टम से छेड़छाड़, फर्जी बिल बनाकर सरकारी धन के गबन और फेक ईमेल के जरिए झूठी शिकायतें भेजने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड वन विकास निगम में कार्यरत रहे पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटर महेंद्र सिंह बिष्ट के खिलाफ इन आरोपों के आधार पर थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विभागीय जांच में कई हैरान करने वाले खुलासे हुए हैं। आरोप है कि कर्मचारी ने बायोमैट्रिक मशीन में छेड़छाड़ कर उपस्थिति रिकॉर्ड में गड़बड़ी की। साथ ही, आरटीआई पोर्टल का पासवर्ड बदलकर उसे लॉक कर दिया, जो कि एक अनधिकृत कार्रवाई है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने एक फर्जी रेस्टोरेंट के नाम से बिल और मोहर तैयार कर करीब 4,635 रुपये का सरकारी धन हड़प लिया। इसके अलावा, उसने फर्जी ईमेल आईडी बनाकर अधिकारियों और सहकर्मियों के खिलाफ झूठी शिकायतें भेजीं, जिससे विभाग में भ्रम की स्थिति पैदा हुई।
इतना ही नहीं, आरोपी पर कर्मचारियों को ट्रांसफर कराने का झांसा देकर वसूली करने और ट्रू कॉलर पर वरिष्ठ अधिकारियों के नाम से फर्जी आईडी बनाकर लोगों को गुमराह करने के भी आरोप हैं। यहां तक कि एक कर्मचारी के नाम से अनुसूचित जाति आयोग में फर्जी शिकायत भेजने का मामला भी सामने आया है।
थाना मुखानी के एसओ सुशील जोशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



