समाचार सच, ऋषिकेश डेस्क। उत्तराखंड घूमने आए एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब गंगा किनारे सेल्फी लेते समय एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर तेज बहाव में बह गया। घटना कौड़ियाला क्षेत्र की है, जहां गाजियाबाद निवासी 43 वर्षीय आशीष जैन अपनी पत्नी और बेटी के साथ घूमने आए थे। हादसा उनकी आंखों के सामने हुआ, जिससे परिवार सदमे में है।
पुलिस के अनुसार, 6 जून को गाजियाबाद और फरीदाबाद से दो मित्र अपने-अपने परिवारों के साथ उत्तराखंड भ्रमण पर आए थे। दोनों परिवार कौड़ियाला स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। शाम के समय सभी लोग होटल के नीचे गंगा तट पर घूमने और फोटो खींचने पहुंचे। इसी दौरान गंगा की लहरों के साथ सेल्फी लेते समय आशीष जैन का अचानक संतुलन बिगड़ गया और उनका पैर फिसल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गंगा का बहाव बेहद तेज था। आशीष को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह देखते ही देखते नदी की धारा में बह गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। होटल कर्मियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बछेलीखाल पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को बुलाया गया। अंधेरा होने के बावजूद एसडीआरएफ ने राफ्ट के जरिए गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। रेस्क्यू टीमें लगातार नदी के बहाव वाले क्षेत्रों में तलाश कर रही हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आशीष जैन का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम खोजबीन में जुटी हुई है। घटना की जानकारी आशीष के परिजनों को दे दी गई है और परिवार के अन्य सदस्य ऋषिकेश के लिए रवाना हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि आशीष जैन गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



