पतलोट महाविद्यालय में एमए, संस्कृत और भूगोल की पढ़ाई शुरू कराने के साथ शिक्षकों की भर्ती और रामगढ़ कॉलेज भवन निर्माण का मुद्दा भी उठाया।
समाचार सच, देहरादून/भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शनिवार को देहरादून में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर कई अहम मांगें रखीं। मंत्री ने क्षेत्र के कॉलेजों और स्कूलों में शिक्षकों की कमी, नए विषयों की पढ़ाई शुरू कराने और अधूरे भवन निर्माण जैसे मुद्दों पर जल्द कार्रवाई की मांग की।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय पतलोट में अभी तक संस्कृत और भूगोल विषय संचालित नहीं हो रहे हैं। साथ ही एमए की कक्षाएं भी शुरू नहीं हो पाई हैं। इसके चलते क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ रहा है या कई विद्यार्थी आगे की पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि पतलोट महाविद्यालय में प्राचार्य का पद लंबे समय से रिक्त है, जिससे शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। वहीं राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ का भवन निर्माण अधूरा होने के कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मंत्री कैड़ा ने शिक्षा मंत्री से आग्रह किया कि पतलोट महाविद्यालय में संस्कृत और भूगोल विषय शुरू किए जाएं, एमए की कक्षाओं का संचालन कराया जाए, प्राचार्य की नियुक्ति की जाए तथा रामगढ़ महाविद्यालय के भवन निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि जल्द स्वीकृत की जाए।
इसके अलावा उन्होंने ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालयों, उच्च प्राथमिक विद्यालयों, हाईस्कूलों और इंटर कॉलेजों में लंबे समय से खाली पड़े शिक्षकों के पदों पर शीघ्र नियुक्तियां करने की भी मांग की।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि यदि इन मांगों पर जल्द निर्णय लिया जाता है तो भीमताल विधानसभा क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



