
समाचार सच, हल्द्वानी। वैश्य महिला समिति हल्द्वानी के तत्वावधान में बुधवार सायंकाल रामपुर रोड स्थित अग्रसेन भवन में माँ भगवती की भव्य चौकी का दिव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। किच्छा के पण्डित राजेश शर्मा व हुकुम की मण्डली के प्रसिद्ध गायक संदीप और पूजा के मंत्रमुग्ध भजनों को सुनकर सभी ने आनंद उठाया।
कार्यक्रम के दौरान भजन कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। देर रात तक चले इस आयोजन में श्रद्धालु माँ के जयकारों के साथ भक्ति रस में डूबे नजर आए। वहीं समिति की महिलाओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ झूम-झूमकर माँ भगवती की आराधना की। भक्तिमय गीतों और ढोलक की थाप पर महिलाएं भाव-विभोर होकर नृत्य करती रहीं, जिससे पूरा परिसर देवीमय हो उठा। वहीं कृष्ण-राधा की झांकी ने भी कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
समिति की अध्यक्षा मंजू वार्ष्णेय ने सभी आगंतुकों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने सभी सहयोगियों और सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
वहीं वैश्य महासभा के अध्यक्ष रामबाबू जायसवाल ने कहा कि इस तरह के आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं और हमारी संस्कृति एवं परंपराओं को जीवित रखते हैं। उन्होंने समिति के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की।
कार्यक्रम का समापन भव्य आरती के साथ हुआ, जिसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
वैश्य महासभा के महामंत्री तनुज गुप्ता, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र अग्रवाल, वैश्य महिला समिति की महामंत्री स्नेहलता गुप्ता, कोषाध्यक्ष मनोरमा खंडेलवाल, संरक्षिका मीना वार्ष्णेय, बिमला गुप्ता, सुचित्रा जायसवाल, सविता लाहोटी, मीडिया प्रभारी प्रियंका वार्ष्णेय, युवा वैश्य सभा के अध्यक्ष अतुल जायसवाल, महामंत्री कपिल अग्रहरि आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



