समाचार सच, रुड़की। हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दादी और पोता उसकी चपेट में आ गए। हादसे में बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पोता गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर मुस्तफाबाद निवासी 62 वर्षीय कन्नीजा अपने पोते के साथ रिश्तेदारी में जा रही थीं। जैसे ही वे धनौरी-जस्सावाला मार्ग पर पिरान कलियर थाना क्षेत्र में पहुंचे, तभी यह हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि सड़क किनारे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सामान भरा जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक ने चालक के नियंत्रण खोने के कारण ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक ट्रॉली को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया और उसी दौरान बाइक सवार दादी-पोता उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में महिला कन्नीजा की ट्रक के नीचे कुचलने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पोता गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन घायल युवक और महिला के शव को अपने साथ ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



