
समाचार सच, हल्द्वानी। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से पूर्व जिला आयुर्वेद अधिकारी एवं पर्यावरणविद डॉ. आशुतोष पंत के नेतृत्व में चल रहा वृहद पौधरोपण अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। 14 जुलाई से शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में हजारों पौधे रोपे और वितरित किए जा चुके हैं। अभियान का लक्ष्य इस वर्ष 35 हजार पौधे लगाने का है।
अभियान का शुभारंभ 14 जुलाई को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी से सांसद अजय भट्ट ने किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन लोहनी के सहयोग से विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान डॉ. पंत ने विश्वविद्यालय के लिए 500 पौधे उपलब्ध कराए। विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी पौधरोपण में सक्रिय भागीदारी निभाई।
डॉ. पंत ने बताया कि अभियान के तहत हल्दूचौड़, कालाढूंगी, चकलुआ, सेंट पॉल्स स्कूल, जज फार्म, दमुवाढूंगा, हंस विहार, शांतिविहार और रुद्रपुर सहित कई क्षेत्रों में लोगों को उनके घरों और खेतों में लगाने के लिए फलदार एवं छायादार पौधे निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार को क्वींस पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ पॉलीथीन का उपयोग न करने का संदेश भी दिया गया। विद्यालय में अध्ययनरत लगभग 1000 विद्यार्थियों में से जिनके घरों में पौधे लगाने की पर्याप्त जगह है, उन्हें फलदार पौधे भेंट किए गए।
डॉ. आशुतोष पंत ने कहा कि “प्राणवायु के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। विकास आवश्यक है, लेकिन विकास के नाम पर जितने पेड़ काटे जा रहे हैं, उनकी भरपाई के लिए उतनी ही गंभीरता से नए पौधे भी लगाए जाने चाहिए। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।”
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन दो से तीन स्थानों पर पौधरोपण और पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बीच-बीच में बारिश के कारण कुछ व्यवधान अवश्य आता है, लेकिन उन्हें विश्वास है कि समाज के सहयोग से सितंबर तक 35 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।
डॉ. पंत ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले महेश तिवारी, कपिल राणा, मनोज पाठक, आनंद भाकुनी, गिरीश जोशी, नित्यानंद जोशी, आर.पी. सिंह, संजय त्यागी, संजय बिरखानी और दीपक नेगी सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



