समाचार सच, रुद्रपुर। पंतनगर क्षेत्र के एक विश्वविद्यालय परिसर में 12 वर्षीय नाबालिग बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग ने विश्वविद्यालय के सुरक्षा विभाग में ठेके पर कार्यरत गार्ड पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर एक बंद पड़े कमरे में ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। स्थानीय लोगों को संदेह होने पर उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन और सुरक्षा विभाग को सूचना दी। इसके बाद बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया था।
उधम सिंह नगर पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी मूल रूप से बदायूं का निवासी है।
पंतनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है और मजिस्ट्रेट के समक्ष उसका बयान दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



