भारी पुलिस बल तैनात, ड्रोन और सोशल मीडिया से होगी निगरानी; छतों पर पत्थर-ईंट या मलबा जमा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान
बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में बुधवार को होने वाली सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। किसी भी संभावित स्थिति से निपटने और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बनभूलपुरा क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ ड्रोन से निगरानी की जाएगी, वहीं सोशल मीडिया की गतिविधियों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में हल्द्वानी कोतवाली के मीटिंग हॉल में बनभूलपुरा क्षेत्र की ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष रूप से ब्रीफ किया गया।
ब्रीफिंग की अध्यक्षता एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने की। इस दौरान अधिकारियों और जवानों को सरकारी कार्रवाई के दौरान संयम बरतने, आमजन से संवाद बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटने के निर्देश दिए गए।
दो सुपर जोन और चार जोन में बांटी सुरक्षा व्यवस्था
बनभूलपुरा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को व्यापक स्तर पर तैयार किया गया है। पुलिस ने क्षेत्र को दो सुपर जोन और चार जोन में विभाजित कर अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो एसपी, पांच सीओ, 15 इंस्पेक्टर एवं एसओ और 45 एसआई एवं एडिशनल एसआई सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा पीएसी की दो कंपनियां और दो ड्रोन टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल रहेंगी। पुलिस की ओर से ड्रोन के माध्यम से क्षेत्र की छतों, संकरी गलियों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर हवाई निगरानी की जाएगी।
फायर, ट्रैफिक, बम निरोधक और एंटी रायट टीमें भी तैनात
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम भी किए हैं। क्षेत्र में चार फायर यूनिट, चार ट्रैफिक टीमें, एक बम निरोधक दस्ता, दो हॉक पुलिस यूनिट, दो टियर गैस टीमें, दो एंटी रायट टीमें और दो फायरिंग स्क्वाड को भी तैयार रखा गया है।
छतों पर पत्थर, ईंट और मलबा जमा करने वालों को चेतावनी
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार से कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस विशेष रूप से उन स्थानों पर नजर रखेगी, जहां छतों पर पत्थर, रोड़ी, ईंट, मलबा अथवा अन्य संदिग्ध सामग्री जमा की जा रही हो। पुलिस ने कहा है कि ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कार्रवाई
सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई को देखते हुए पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष निगरानी रखेगी। अफवाह फैलाने, भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक पोस्ट करने और सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
नैनीताल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे न्यायालय के निर्णय का सम्मान करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। लोगों से क्षेत्र में शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने के साथ पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



