स्कूल संचालक पर झूठे केस दर्ज कराने का आरोप, पत्रकारों ने सीएम से हस्तक्षेप की लगाई गुहार
समाचार सच, हल्द्वानी। जनहित से जुड़े समाचार के प्रकाशन के बाद वरिष्ठ पत्रकार संजय पाठक के खिलाफ दर्ज कराए गए कथित झूठे मुकदमों और उत्पीड़न के विरोध में हल्द्वानी के पत्रकारों में आक्रोश देखने को मिला। इस मामले को गंभीर बताते हुए पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि 28 मार्च को प्रकाशित एक जनहित समाचार, जो क्षेत्र में अतिक्रमण एवं मार्ग अवरोध से संबंधित था, के बाद संबंधित पक्ष माउंट लीटेरा जी स्कूल के संचालक गिरजेश पाण्डे द्वारा पत्रकार को निशाना बनाते हुए सुनियोजित तरीके से प्रतिशोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। आरोप है कि बार-बार विधिक नोटिस भेजने, न्यायालय में वाद दायर करने और कोतवाली में झूठे आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज कराने जैसी कार्रवाई कर मानसिक और कानूनी दबाव बनाया जा रहा है।
पत्रकारों ने इसे स्वतंत्र पत्रकारिता पर हमला बताते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाएं लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, झूठे मुकदमों को निरस्त कराया जाए और भविष्य में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
पत्रकारों ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि भविष्य में वरिष्ठ पत्रकार संजय पाठक के साथ किसी भी प्रकार की अनहोनी या अप्रिय घटना घटित होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी माउंट लीटेरा जी स्कूल के संचालक गिरजेश पांडे की मानी जाएगी।
इस दौरान ज्ञापन देने वालों में राहुल सिंह दर्मवाल, गुरमीत सिंह, अजय सिंह चौहान, नीरू भल्ला, समाजसेवी सुशील भट्ट, गिरीश भट्ट, एडवोकेट मोहन कांडपाल, गोविंद सिंह घसियाल, अशोक सिंह बोहरा, शाहवेज खान, गोविंद बिष्ट, उदयवीर सिंह, रेहान खान, अमित कुमार चौधरी, नाजिम खान, कुणाल अरोरा, आशुतोष कोकिला, सचिन जोशी, मिथुन जायसवाल समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



