
समाचार सच, हल्द्वानी। श्री श्याम युवा मित्र मंडल के तत्वावधान में आयोजित श्याम संकीर्तन महोत्सव ने इस वर्ष भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। 6 जून 2026 को आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने पूरे क्षेत्र को श्याममय बना दिया।
महोत्सव का शुभारंभ सुबह विशाल निशान यात्रा के साथ हुआ। यात्रा लटूरिया बाबा मंदिर से प्रारंभ होकर खाटू श्याम मंदिर, मुखानी तक पहुंची। हाथों में पवित्र निशान और मुख पर बाबा श्याम के जयकारों के साथ हजारों श्रद्धालु नंगे पैर यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में भक्ति का ऐसा वातावरण देखने को मिला कि सड़कें श्याम नाम के उद्घोष से गुंजायमान हो उठीं। श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था ने यात्रा को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
संस्था अध्यक्ष अंकित पाल ने बताया कि निशान यात्रा के सफल समापन के बाद शाम 7 बजे से भव्य श्याम संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें देश के ख्यातिप्राप्त भजन गायकों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भजन गायक सौरभ शर्मा ने “बाबा ये नैया कैसे डगमग डोली जाए” भजन प्रस्तुत कर भक्तों को भावविभोर कर दिया। वहीं परविंदर पलक ने “करो स्वागत बाबा का” और “खाटू धाम की माटी” जैसे भजनों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। कनिका ग्रोवर ने “तेरे दरवाजे पर एक अर्जी छोड़ी है” की मार्मिक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं की आंखें नम कर दीं। निहाल ठाकरान एवं पंडित विवेक शर्मा ने भी अपने मधुर भजनों से देर रात तक भक्तों को श्याम रस में सराबोर रखा।
कार्यक्रम स्थल पर बाबा श्याम का आकर्षक दरबार, मनमोहक श्रृंगार और भव्य सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। संकीर्तन के दौरान श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए और पूरा वातावरण “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम की सफलता में संस्था के संजीव कश्यप, रतन चौहान, सोनू बेलबाल, हर्षित पाल, कमल पाल, अनिल पाल, ललित पांडेय, सनी कपूर, रामू गुप्ता, राजू प्रजापति, वासु नाथ गोस्वामी, पल्लवी गोयल, चंदन जोशी, कमल गोयल, नीरज मिश्रा और मयंक जोशी सहित सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक चेतना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा दिया जाता रहेगा।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



