समाचार सच, खटीमा। उधम सिंह नगर जिले के खटीमा में एक निकाह समारोह उस समय दर्दनाक घटनाक्रम में बदल गया, जब मेहर की राशि और कथित दहेज मांग को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद खड़ा हो गया। विवाद के दौरान दुल्हन के पिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पिता की मौत की खबर मिलते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
घटना वार्ड नंबर-7 इस्लामनगर स्थित खुशबू मैरिज हॉल की है, जहां बरेली के बड़ा फरीदपुर से बारात पहुंची थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निकाह की रस्म के दौरान मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। इसी बीच लड़की पक्ष ने लड़के वालों पर अतिरिक्त दहेज मांगने का आरोप भी लगाया।
परिजनों का आरोप है कि शादी तय होने के बाद से लड़का पक्ष की मांगें लगातार बढ़ती गईं। पहले स्कूटी, फिर महंगी स्पोर्ट्स बाइक और नकद राशि की मांग रखी गई। वहीं, निकाह के समय मेहर की राशि को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। लंबे समय तक चली बातचीत के बाद भी विवाद सुलझ नहीं पाया।
बताया जा रहा है कि इसी तनाव के बीच दुल्हन के पिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ा। अस्पताल में उनकी मौत की पुष्टि होने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
आक्रोशित लोगों ने दूल्हे सहित कई बारातियों को रोक लिया और उनके साथ मारपीट की। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि कुछ बारातियों को अपनी सुरक्षा के लिए आसपास के मकानों की छतों के रास्ते निकलना पड़ा। इस दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है। मैरिज हॉल में तोड़फोड़ और कुर्सियां टूटने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
सूचना मिलने पर कोतवाल विजेंद्र शाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने महिलाओं, बच्चों और अन्य बारातियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच पुलिस की मौजूदगी में बातचीत जारी रही।
कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि निकाह के दौरान विवाद की सूचना मिली थी। मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि समझौता नहीं होता है तो दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



