उत्तराखंड में अगले 18 घंटे भारी, कुमाऊं में बारिश का कहर बढ़ने की आशंका

खबर शेयर करें

पिथौरागढ़ में 17 सड़कें बंद, 400 से अधिक वाहन फंसे; नदियां उफान पर, प्रशासन और SDRF अलर्ट

समाचार सच, देहरादून।
उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर मुश्किलें बढ़ाता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने 1 सितंबर की शाम से 2 सितंबर की सुबह तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। खासकर कुमाऊं मंडल के पर्वतीय जिलों में मौसम के ज्यादा खराब रहने की संभावना को देखते हुए आपदा प्रबंधन तंत्र और जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मौसम की चेतावनी को देखते हुए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। नैनीताल और अल्मोड़ा के कई क्षेत्रों में बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इनमें चौखुटिया, भिकियासैंण, रानीखेत, भनोली, कटारमल, जैती, रामनगर, भीमताल, हल्द्वानी, मुक्तेश्वर, कोटाबाग, भवाली और द्वाराहाट सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।

बारिश के बीच स्कूलों में छुट्टी
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए नैनीताल, बागेश्वर और अल्मोड़ा में स्कूलों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि लगातार बारिश के दौरान भूस्खलन, मलबा आने और नदी-नालों में जलप्रवाह बढ़ने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें -   अल्मोड़ा में बारिश का कहर: दो और नेपाली मजदूरों की मौत, जिले में मृतकों की संख्या बढ़कर 5

पिथौरागढ़ में बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें
सीमांत पिथौरागढ़ जिले में सोमवार रात से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। भारी बारिश के कारण भूस्खलन और मलबा आने से पिथौरागढ़-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 17 सड़कें प्रभावित हुईं। इसके चलते बड़ी संख्या में वाहन रास्ते में फंस गए।
मंगलवार सुबह पिथौरागढ़-घाट मार्ग के मुन्ना बैंड के पास भारी मलबा आने से यातायात बाधित हो गया। यहां टैक्सी, बस और ट्रक समेत करीब 200 से अधिक वाहन फंसे बताए गए।
इसके अलावा थल-मुनस्यारी और थल-ओगला स्टेट हाईवे भी भूस्खलन के कारण प्रभावित रहे। पिथौरागढ़-घाट मार्ग को देर शाम यातायात के लिए खोल दिया गया, लेकिन कई ग्रामीण और सीमांत सड़कें अब भी बंद हैं।

सीमा क्षेत्र का संपर्क भी प्रभावित
भारी मलबा आने के कारण धारचूला-तवाघाट और तवाघाट-गुंजी बॉर्डर रोड भी बाधित हुई। इससे चीन सीमा से लगे तीनों घाटियों का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। कई वाहन मार्ग में फंसे हुए हैं और बीआरओ की टीमें सड़कों को खोलने में जुटी हैं।

जिले में ड्योड़ा-बारमो, कनालीछीना-पीपली, सोबला-उमचिया, होकरा-नामिक, ऐलागाड़-जुम्मा, धापा बैंड-बुईं पातो, बांसबगड़-कोटा, बांसबगड़-धामीगांव, कालिका-खुमती, देवीसूना-गराली, मालाकोट-लोद और सेलाकोट-बुसैल समेत कई मार्गों पर यातायात प्रभावित है।
वहीं बेरीनाग-अल्मोड़ा मोटर मार्ग पर गणाई के पास मलबा आने से करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा।

यह भी पढ़ें -   आज का राशिफल | 1 सितंबर 2026, मंगलवार | जानिए आज का पंचांग और सभी 12 राशियों का भविष्यफल, किस राशि को मिलेगा धन लाभ और किन राशियों को बरतनी होगी सावधानी

काली, रामगंगा, सरयू और गोरी नदी का जलस्तर बढ़ा
लगातार बारिश के कारण जिले की प्रमुख नदियों और बरसाती नालों में जलप्रवाह तेज हो गया है। काली, रामगंगा, सरयू और गोरी नदी का जलस्तर सामान्य से अधिक बताया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और गधेरों के किनारे जाने से बचने की अपील की है।
बारिश के चलते मंगलवार को पूरे दिन जनजीवन प्रभावित रहा। बाजारों में भी अपेक्षाकृत कम चहल-पहल दिखाई दी।

डीएम ने आपदा कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने मंगलवार को जिला आपदा नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर जिले की तहसीलों में बारिश और सड़क मार्गों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को बंद मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
प्रशासन और SDRF को संभावित आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने के लिए तैयार रखा गया है।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग की चेतावनी के बीच प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों के किनारे न जाएं, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें और मौसम की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा करें।
अगले कुछ घंटे कुमाऊं के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440