समाचार सच, रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में सोशल मीडिया पर अवैध तमंचा लहराते हुए फोटो डालना एक युवक को भारी पड़ गया। फोटो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई 9 मार्च को रुद्रपुर में की गई। रुद्रपुर कोतवाली पुलिस और चौकी बिगवाड़ा की टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आरोपी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवक की पहचान बृजेश यादव पुत्र जितेंद्र यादव, निवासी भगवाड़ा भाटा, थाना रुद्रपुर, जिला ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने होली के मौके पर अवैध तमंचा लहराते हुए अपनी फोटो खिंचवाई थी और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया था। फोटो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक की तलाश शुरू कर दी।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
चौकी बिगवाड़ा प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिंगवाल ने बताया कि क्षेत्र में अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शस्त्रों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



