20 से 23 जुलाई तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान, राहत-बचाव दल अलर्ट मोड पर
समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में लगातार बिगड़ रहे मौसम और आगामी दिनों में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन और आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन को स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जहां भी भारी बारिश, भूस्खलन या सड़क अवरुद्ध होने की घटनाएं सामने आएं, वहां जिला प्रशासन बिना किसी देरी के कार्रवाई करे। साथ ही राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखने और प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि कहीं सड़क, बिजली, पेयजल या संचार सेवाएं बाधित होती हैं तो उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र बहाल किया जाए। इसके अलावा चारधाम यात्रा मार्गों और प्रदेश की प्रमुख सड़कों की लगातार निगरानी करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों, पर्यटकों और चारधाम यात्रियों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। उन्होंने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों तथा उफनती नदियों और नालों से दूर रहने की सलाह दी है।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में लोग तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें। राज्य सरकार सभी परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
20 से 23 जुलाई तक बारिश का पूर्वानुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार 19 से 23 जुलाई तक उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
20 जुलाई को देहरादून, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, टिहरी, उत्तरकाशी, हरिद्वार, पौड़ी और बागेश्वर सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं 21 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि 22 और 23 जुलाई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर समेत पर्वतीय जिलों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



