दरगाह साबिर पाक में मिला एयरफोर्स अधिकारी के बेटे का बैग, युवक लापता

खबर शेयर करें

समाचार सच, रुड़की डेस्क। हरिद्वार जिले के पिरान कलियर में भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी के 27 वर्षीय बेटे के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। दरगाह साबिर पाक परिसर में युवक का काला बैग लावारिस हालत में मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। बैग में लैपटॉप, पासपोर्ट और जरूरी दस्तावेज मिलने से पुलिस ने जांच तेज कर दी है। हालांकि, बैग बरामद होने के बावजूद युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

लापता युवक की पहचान सत्यम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके पिता शंकर सिंह बिहार के निवासी हैं और भारतीय वायुसेना में अधिकारी के पद पर तैनात हैं। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग पश्चिम बंगाल में है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, सत्यम एक निजी विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत था। परिजनों का कहना है कि उसने करीब डेढ़ महीने पहले ही नौकरी छोड़ दी थी। बताया गया है कि पिछले काफी समय से सत्यम और उसके पिता के बीच संपर्क नहीं हो पा रहा था। दोनों की बातचीत भी लंबे समय से बंद थी। ऐसे में युवक के अचानक लापता होने और उसका बैग दरगाह परिसर में मिलने से परिवार की चिंता बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें -   नैनीताल जिले में 25,878 गैस उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक, ई-केवाईसी के बिना नहीं मिलेगी सिलिंडर डिलीवरी

पुलिस के अनुसार, बीती 17 अक्टूबर को पिरान कलियर थाना पुलिस को दरगाह साबिर पाक परिसर में एक काले रंग का बैग लावारिस हालत में मिला था। बैग की जांच करने पर उसमें लैपटॉप, पासपोर्ट और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए। इन दस्तावेजों के आधार पर बैग के मालिक की पहचान सत्यम के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने उसके पिता को इसकी सूचना दी।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी में क्षत्रिय उत्थान महासभा का भव्य दशहरा मिलन समारोह, मेयर गजराज बिष्ट समेत कई विभूतियां सम्मानित

18 अक्टूबर को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बैग सत्यम के पिता को सौंप दिया गया। हालांकि, सत्यम का पता नहीं चलने के कारण परिजन लगातार उसकी तलाश और सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।

एसपी देहात अभय सिंह के मुताबिक, सत्यम के पिता की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस युवक का पता लगाने के लिए विभिन्न माध्यमों से जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि सत्यम की गतिविधियों और उसके लापता होने से संबंधित कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सके।

फिलहाल युवक के लापता होने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सत्यम की तलाश जारी है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440