हल्द्वानी में विजय संकल्प शंखनाद जनसभा के माध्यम से कांग्रेस ने भरी हुंकार, यशपाल व हरीश सहित दिग्गज भाजपा सरकार पर जमकर बरसे

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। यहां गुरूवार को विजय संकल्प शंखनाद जनसभा के माध्यम से कांग्रेस ने हुंकार भरी। रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यशपाल आर्य व पूर्व विधायक संजीव आर्य का स्वागत किया गया। रैली को संबोधित करते हुए पूर्व केबिनेट मंत्री यशपाल आर्य भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में विकास पूरी तरह गायब हो गया है। युवा रोजगार को भटक रहे हैं और जनता समस्याओं से जूझ रही है। इस सरकार की विदाई तय है।

पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव उत्तराखंड व देश की राजनीति में नया इतिहास लिखने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता 2024 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी। इसके अलावा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी भाजपा पर महंगाई को लेकर निशाना साधा उन्होंने कहा जो भी विकास कार्य कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में किए थे, उन्हें भाजपा ने रोका है, हमने 32000 सरकारी नौकरियां दी थी लेकिन बीजेपी के कार्यकाल में नौकरियां तो दूर की बात लोगों के हाथ से रोजगार छिन गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता व नेता आकर मुझे बताएं कि उन्होंने हमसे ज्यादा सरकारी नौकरियां दी है। अगर ऐसा हो तो मैं राजनीतिक छोड़ने को तैयार हूं।

श्री रावत ने कहा की जनता का विकास करने की बात करने वाली भाजपा सरकार ने केवल अपना विकास किया है। उत्तराखंड के लोगों ने देखा कि किस प्रकार सरकार ने 5 साल से पहले ही तीन मुख्यमंत्री बदले। उन्होंने भाजपा पर वोट की राजनीति का आरोप लगाया और कहा कि जनता को केवल वोट के लिए इस्तेमाल किया जाता है इसलिए चुनाव से पहले लगातार नौकरियां देने की बातें कही जा रही है।

यह भी पढ़ें -   बीजेपी प्रदेश प्रभारी गौतम ने दिया कार्यकर्ताओं को दिया बूस्टर डोज, किया 19 दिन का टारगेट सेट

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन के विकास कार्यों को गिनाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने प्रदेश को गर्त में धकेलने का काम किया है। भाजपा की नीतियों से जनता आजिज आ चुकी है और वह बदलाव का मन बना चुकी है।

नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि पूर्व मंत्री यशपाल आर्य सदैव कांग्रेस के हितैषी रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस में सच्चे सिपाही की भूमिका निभाई है। उनके आने से कांग्रेस एक बार फिर मजबूत हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं में उत्साह भरा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने यह साबित कर दिया है कि उसे जनसरोकारों से कोई लेना-देना नहीं रह गया है। आगामी विधान सभा चुनाव में प्रदेश में निघ्श्चित रूप से बदलाव आयेगा।

दिवंगत इंदिरा को दी श्रद्धांजलि, फहराया पार्टी का ध्वज
कांग्रेस की संकल्प विजय शंखनाद जनसभा की शुरूआत में सभी कांग्रेसियों ने पूर्व मंत्री व हल्द्वानी विधायक रहीं दिवंगत इंदिरा हृदयेश को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तद्पश्चात पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल व पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य सहित सभी ने एक साथ में पार्टी का ध्वज फहराया।

पूर्व सीएम हरीश मंच पर हुड़का लेकर पहुंचे
कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष व पूर्व सीएम हरीश रावत हुड़का लेकर विजय शंखनाद जनसभा मंच पर पहुंच गये। इस दौरान उन्होंने हुड़का बजाकर सभी आगुन्तकों का अभिवादन स्वीकार किया।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखण्ड में इस क्षेत्र के ग्राम प्रधान ने फर्जी तरीके से की आठवीं पास, ये है पूरा मामला

लोक धुन से उपस्थित लोग हुए मंत्रमुग्ध
विजय संकल्प शंखनाद जनसभा में पारंपरिक छोलिया दलों ने लोक धुन छेड़ी। इस दौरान धुन पर उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो गये। साथ ही ढोल, दमाऊ और मशकबीन के बाजे के साथ छोलियारों ने नृत्य किया। इस पाइससे पहले कुमाऊं के पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने तिलक लगाकर अतिथियों का स्वागत किया।

जब हरीश रावत ने फूल देई छम्मा देई कह कर सबको हंसाया
पूर्व सीएम हरीश रावत ने अपने सम्बोंधन के बीच पूर्व काबीना मंत्री यशपाल आर्या के स्वागत की तैयारियों और कांग्रेसी कार्यकताओं के जोश पर टिप्पणी कर जनसभा में उपस्थित लोगों को हंसा दिया। उन्होंने कहा कि यशपाल के समर्थक आज सुबह से ही नए कपड़े पहन कर ऐसे तैयार थे जैसे बच्चे फूलदेई त्योहार पर तैयार होते हैं। मैंने उन्हें बधाई भी दी। मैंने कहा कि आज खूब फूल देई-छम्मा देई कहना। इस टिप्पणी को सुनते ही मंच पर बैठे सभी लोग हंसने लगे।

इस दौरान प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, पूर्व विधान सभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल, उप नेता प्रतिपक्ष करन मेहरा, पूर्व सांसद महेंद्र पाल, राज्य सभा सांसद अजय टम्टा, विधायक आदेश चौहान, पूर्व विधायक नारायण पाल, संजीव आर्य, सरिता आर्या, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया, पब्लिसिटी कमेटी के अध्यक्ष सुमित हृदयेश, जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, महानगर अध्यक्ष राहुल छिम्वाल, गोविन्द बगड्वाल, रणजीत सिंह रावत, नारायण पाल, खजान पाण्डे, खजान चन्द गुड्डू, अर्जुन सिंह बिष्ट, पुष्पा नेगी, शशि वर्मा, रत्ना श्रीवास्तव, मंजू पाण्डे, मंजू सांगुड़ी समेत कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता व हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440