उत्तराखण्ड में उपनल कर्मचारियों का सचिवालय कूच, सरकार के खिलाफ प्रदर्शन तेज

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। सोमवार को उत्तराखंड के उपनल कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर राजधानी देहरादून में एक बार फिर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश भर से बड़ी संख्या में उपनल कर्मचारी सड़कों पर उतरे और सचिवालय की ओर कूच किया। प्रदर्शनकारियों का जत्था परेड मैदान से शुरू होकर सर्वे चौक और लैंसडाउन चौक से होते हुए सचिवालय की तरफ बढ़ा, लेकिन पुलिस ने सुभाष रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी वहीं सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे।

इस प्रदर्शन में विभिन्न विभागों के उपनल कर्मचारी शामिल हुए। विशेष रूप से दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय से 200 से अधिक कर्मचारी भी सचिवालय कूच में शामिल हुए, जिससे अस्पताल की व्यवस्थाएं प्रभावित हो गईं। मरीजों को पर्चा बनाने में समस्याएं आईं, क्योंकि अस्पताल के कंप्यूटर ऑपरेटर, लैब टेक्नीशियन, एक्स-रे टेक्नीशियन, नर्सिंग स्टाफ और वार्ड बॉय सभी आंदोलन में शामिल थे।

2018 के न्यायालय आदेश का पालन नहीं कर रही सरकार
उपनल कर्मचारियों का कहना है कि 2018 में नैनीताल उच्च न्यायालय ने समान काम के लिए समान वेतन देने और नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया था, लेकिन राज्य सरकार ने इस आदेश पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसके बाद राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दाखिल कर दी थी, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया। इसके बावजूद सरकार हाईकोर्ट के फैसले को लागू नहीं कर रही है और अब वह फिर से एसएलपी में समीक्षा करने की योजना बना रही है, जिससे कर्मचारियों में गहरी नाराजगी है।

यह भी पढ़ें -   23 साल बाद फिर सामने आई जेनी, प्रेस कॉन्फ्रेंस में छलका दर्द; हरक सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाकर मांगा न्याय

सरकार के खिलाफ कर्मचारियों का आक्रोश
उपनल कर्मचारी महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष महेश भट्ट ने सरकार से हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार नीति बनाने और नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तो वे हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।

यह भी पढ़ें -   जेनी प्रकरण पर हरक सिंह रावत का पलटवार, बोले- धामी की विदाई के साथ होगा इस खेल का अंत; भाजपा पर लगाया साजिश का आरोप

मुख्य सचिव से मुलाकात के बाद आंदोलन जारी
प्रदर्शनकारियों का प्रतिनिधिमंडल मुख्य सचिव राधा रतूड़ी से मुलाकात करने के लिए सचिवालय पहुंचा, लेकिन इस बैठक में कोई ठोस परिणाम नहीं निकल पाया। मुख्य सचिव ने कहा कि आचार संहिता के चलते 24 नवंबर के बाद मुख्यमंत्री के साथ उच्च स्तरीय बैठक कराई जाएगी। इसके बाद कर्मचारियों ने अपना आंदोलन सहस्त्रधारा रोड स्थित एकता विहार धरना स्थल पर शिफ्ट कर दिया। यहां वे अपनी आगामी रणनीति तैयार करेंगे। उपनल कर्मचारियों का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होतीं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440