जेसीबी से पाइप तोड़कर निकाला गया बच्चा, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले थम चुकी थीं सांसें; हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम
समाचार सच, देहरादून/विकासनगर। शनिवार की शाम विकासनगर की खादर बस्ती में जो हुआ, उसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। बारिश के बीच घर के बाहर खेल रहा छह साल का मासूम कुछ ही पलों में हमेशा के लिए अपनों से बिछड़ गया। खेल-खेल में हुआ यह हादसा इतना दर्दनाक था कि बच्चे को बचाने के लिए घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के बावजूद उसकी जिंदगी नहीं बचाई जा सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के कारण सड़क पर पानी तेजी से बह रहा था। इसी दौरान मासूम खेलते-खेलते नाली के पास पहुंच गया और वहां लगे करीब 10 इंच चौड़े पाइप में फंस गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचा।
बच्चे को निकालने के लिए जेसीबी मशीन बुलानी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद पाइप को तोड़कर मासूम को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वह अचेत हो चुका था। आनन-फानन में उसे उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया। जिस घर में कुछ देर पहले बच्चे की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब सिर्फ चीख-पुकार और सन्नाटा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घटना से हर कोई स्तब्ध है।
इधर, ग्रामीणों ने इस हादसे को केवल एक दुर्घटना मानने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि हाल ही में हुए सड़क निर्माण और खराब जल निकासी व्यवस्था के कारण बारिश का पानी तेज रफ्तार से बहता है, जिससे यह हादसा हुआ। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
वहीं, बाजार पुलिस चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह गुंसाईं ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला बच्चों के खेल के दौरान हुई दुर्घटना का प्रतीत होता है। उनके अनुसार बच्चा पानी में बहकर नहीं आया था, बल्कि खेलते समय पाइप में फंस गया। फिलहाल इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



