समाचार सच, मुम्बई डेस्क। टीवी और फिल्म जगत के मशहूर अभिनेता पंकज धीर का 68 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। पहले उन्होंने इस बीमारी को मात दे दी थी, लेकिन कुछ महीनों पहले कैंसर दोबारा लौट आया। हालात बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। उनके निधन से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। फैंस और सेलेब्स सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
पंकज धीर ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत फिल्मों से की थी, लेकिन उन्हें पहचान मिली बी.आर. चोपड़ा के मशहूर टीवी शो महाभारत (1988) में निभाए गए ‘कर्ण’ के किरदार से। उन्होंने इस भूमिका को जिस गहराई और संजीदगी से निभाया, उसकी आज भी मिसाल दी जाती है।
एक इंटरव्यू में पंकज ने बताया था कि उन्होंने पहले अर्जुन के किरदार के लिए ऑडिशन दिया था और कॉन्ट्रैक्ट तक साइन कर लिया था। लेकिन मेकर्स की मांग पर मूंछें हटाने से इंकार करने पर उन्हें रोल से हाथ धोना पड़ा। बाद में बी.आर. चोपड़ा ने उन्हें कर्ण के रूप में कास्ट किया कृ और वही किरदार उनकी पहचान बन गया। टीवी के साथ-साथ पंकज धीर ने कई फिल्मों में भी काम किया था। सोल्जर, बादशाह, और सड़क जैसी फिल्मों में उनके अभिनय की सराहना हुई। वह चंद्रकांता और द ग्रेट मराठा जैसे धारावाहिकों में भी नजर आए थे।
पंकज धीर अपने पीछे पत्नी अनीता धीर और बेटे निकितिन धीर को छोड़ गए हैं। निकितिन ने भी अपने पिता की राह पर चलते हुए अभिनय की दुनिया में नाम कमाया है। फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस में ‘थंगाबली’ के किरदार से वह चर्चित हुए थे। वहीं उनकी पत्नी कृतिका सेंगर भी जानी-मानी टीवी एक्ट्रेस हैं।


सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440